देश की खबरें | कश्मीरी अलगाववादी नेता अल्ताफ शाह की कैंसर से एम्स में मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिवंगत हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी के दामाद एवं कश्मीरी अलगाववादी नेता अल्ताफ अहमद शाह की मंगलवार तड़के यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कैंसर से मौत हो गई।
नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर दिवंगत हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी के दामाद एवं कश्मीरी अलगाववादी नेता अल्ताफ अहमद शाह की मंगलवार तड़के यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कैंसर से मौत हो गई।
‘अल्ताफ फंटूश’ के नाम से चर्चिच शाह की उम्र 66 वर्ष थी। उसे कुछ दिन पहले ही दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद तिहाड़ जेल से एम्स में भर्ती कराया गया था।
शाह के परिवार में उसकी पत्नी, बेटा और दो बेटियां हैं।
शाह को छह अन्य लोगों के साथ आतंकवाद के वित्तपोषण के मामले में 2017 में गिरफ्तार किया गया था।
उधर श्रीनगर में मीरवाइज उमर फारुख के नेतृत्व वाले हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के धड़े ने शाह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
शाह के शव को अस्पताल ने आवश्यक औपचारिकताओं के बाद परिवार के सदस्यों को सौंप दिया और अंतिम संस्कार के लिए शव को श्रीनगर ले जाया जा रहा है।
बीमारी का पता चलने पर उसे यहां राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले हफ्ते दिल्ली उच्च न्यायालय के दखल के बाद उसे एम्स में भर्ती किया गया था।
अदालत ने तीन अक्टूबर को उसे एम्स में स्थानांतरित करने का आदेश देते हुए कहा था, “उपयुक्त उपचार संविधान के अनुच्छेद 21 में निहित मौलिक अधिकार का हिस्सा है।”
कभी गिलानी का उत्तराधिकारी माने जाने वाला शाह सोमवार की देर शाम कोमा में चला गया था और मध्यरात्रि में उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
अदालत में अपने पिता का मामला लड़ रही शाह की बेटी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “हमें अब्बू के कल रात गुजर जाने की खबर दी गई है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)