जरुरी जानकारी | कर्नाटक को जापान, दक्षिण कोरिया की कंपनियों से 6,450 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता मिली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक ने जापान और दक्षिण कोरिया से 6,450 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता हासिल की है जिससे 1,000 से अधिक नौकरियां पैदा होने की संभावना है। राज्य सरकार के मंत्री एम बी पाटिल ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बेंगलुरु, 10 जुलाई कर्नाटक ने जापान और दक्षिण कोरिया से 6,450 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता हासिल की है जिससे 1,000 से अधिक नौकरियां पैदा होने की संभावना है। राज्य सरकार के मंत्री एम बी पाटिल ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विशाल एवं मध्यम उद्योग और बुनियादी ढांचा विकास मंत्री पाटिल हाल ही में जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे से लौटे हैं। वह 24 जून से पांच जुलाई तक दोनों देशों की यात्रा पर थे।
पाटिल की अगुवाई में यात्रा पर गए प्रतिनिधिमंडल ने दोनों देशों के उद्योग दिग्गजों से मुलाकात की और लघु एवं मझोले उद्यमों (एसएमई) के लिए कार्यक्रम आयोजित किए।
पाटिल ने यहां संवाददाताओं को इस दौरे की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें 6,450 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएं और समझौता ज्ञापन प्राप्त हुए हैं। छह प्रमुख कंपनियों की इन निवेश प्रतिबद्धताओं से कर्नाटक में 1,000 से अधिक नौकरियां पैदा होने का अनुमान है।’’
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित दो रोड शो में 35 से अधिक उद्योग जगत के दिग्गजों और 200 कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
पाटिल ने कहा कि ओसाका गैस ने अगले पांच वर्षों में 5,000 करोड़ रुपये के निवेश से कर्नाटक में अपने गैस वितरण बुनियादी ढांचे का विस्तार करने की प्रतिबद्धता जताई है।
डीएन सॉल्यूशंस ने सटीक उपकरणों और स्वचालन प्रणालियों के लिए विनिर्माण संयंत्र लगाने को 1,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिससे लगभग 350 नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।
पाटिल ने बताया कि जापानी वाहन कलपुर्जा आपूर्तिकर्ता आओयामा सीसाकुशो ने भी राज्य में जापानी औद्योगिक टाउनशिप में विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 210 करोड़ रुपये का निवेश करने में रुचि दिखाई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)