देश की खबरें | कर्नाटक: भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर ‘फोन टैपिंग’ का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में मोहपाश (हनी ट्रैप) विवाद के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने सोमवार को कांग्रेस सरकार पर मंत्रियों और सत्तारूढ़ दल के विधायकों समेत राज्य के प्रमुख नेताओं के ‘फोन टैप’ करने का आरोप लगाया।

बेंगलुरु, 24 मार्च कर्नाटक में मोहपाश (हनी ट्रैप) विवाद के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने सोमवार को कांग्रेस सरकार पर मंत्रियों और सत्तारूढ़ दल के विधायकों समेत राज्य के प्रमुख नेताओं के ‘फोन टैप’ करने का आरोप लगाया।

अशोक ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के कई विधायकों ने भी इस बात को स्वीकार किया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अशोक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने आंतरिक विरोधियों और विपक्षी दलों दोनों को नियंत्रित करने के लिए ‘फोन टैपिंग’ का सहारा ले रही है।

अशोक ने संवाददाताओं से कहा, “यह 100 प्रतिशत हो रहा है। इसपर संदेह मत कीजिए। यह सरकार पूरी तरह से ‘फोन टैपिंग’ में लगी हुई है।”

उन्होंने मंत्रियों और विधायकों के दावों को दोहराते हुए मोहपाश के प्रयासों का हवाला दिया।

अशोक ने कहा कि उन्होंने और केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने पहले भी ‘फोन टैपिंग’ का आरोप लगाया था।

उन्होंने कहा कि अब सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों ने भी दावा किया है कि उनके ‘फोन टैप’ किए जा रहे हैं, जो आरोप को और पुख्ता करता है।

भाजपा नेता ने दावा किया, “सरकार अपने विरोधियों को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है, चाहे वे सत्ताधारी पार्टी के हों या विपक्ष के। मेरे साथ-साथ सभी विपक्षी विधायकों के ‘फोन टैप’ किए जा रहे हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से ही ऐसा हो रहा है।”

मंत्री केएन राजन्ना ने विधानसभा को बताया कि 48 विधायक इसके शिकार हुए हैं और यह नेटवर्क पूरे राज्य में जारी है।

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोक को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

उन्होंने कहा, “अगर वह (आर. अशोक) चाहते हैं तो उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने दीजिए।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\