देश की खबरें | करीना कपूर, विक्की कौशल, नानी ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. करीना कपूर खान, विक्की कौशल, नानी और सनी देओल सहित कई फिल्मी हस्तियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की।

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल करीना कपूर खान, विक्की कौशल, नानी और सनी देओल सहित कई फिल्मी हस्तियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की।

मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर आतंकवादियों ने हमला किया जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए तथा कई अन्य घायल हो गए।

करीना ने ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ में लिखा,‘‘ मारे गए लोगों और उनके परिवारों के लिए बेहद दुखी हूं। जान गंवाने वालों के लिए प्रार्थना कर रही हूं।’’

बेहतरीन अभिनेता विक्की कौशल ने कहा कि उम्मीद है कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पहलगाम में आतंकवाद के इस अमानवीय कृत्य में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवार के सदस्यों के दर्द की मैं कल्पना भी नहीं कर सकता। मेरी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं।’’

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को कश्मीर घाटी में 35 वर्षों में पहली बार किसी आतंकवादी हमले के विरोध में बंद रखा गया तथा अनेक संगठनों ने पहलगाम पर्यटक स्थल में हुई हत्याओं के विरोध में बंद का समर्थन किया।

इससे पहले अक्षय कुमार, सोनू सूद, संजय दत्त, कमल हासन और रितेश सिधवानी ने भी आतंकवादी हमले की निंदा की थी।

अभिनेता नानी ने तीन माह पहले अपनी तेलुगु फिल्म "हिट: द थर्ड केस" की पहलगाम में शूटिंग की थी। उन्होंने कहा कि वह स्तब्ध हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘ 200 से ज़्यादा लोगों की टीम लगभग 20 दिन तक रही। पहलगाम एक सपने जैसा था। वो जगह, लोग और गर्मजोशी... क्यों?"

"पुष्पा 2" के अभिनेता अल्लू अर्जुन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनका दिल टूट गया है।

उन्होंने लिखा, ‘‘बेहद खूबसूरत जगह है और वहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं। मारे गए लोगों के परिजनों, प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मारे गए लोगों की आत्माओं को शांति मिले। यह वाकई दिल तोड़ने वाली घटना है।’’

अभिनेता सुनील शेट्टी ने घटना की निंदा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘घायलों के लिए प्रार्थना। आइए हम एकजुटता के साथ ऐसी क्रूरता की निंदा करें और त्वरित न्याय की मांग करें।’’

अभिनेता सनी देओल ने कहा कि आतंकवाद को खत्म करना प्राथमिकता में होना चाहिए।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘इसका शिकार सिर्फ मासूम लोग होते हैं, इंसान को अपने अंदर झांकने की जरूरत है। मैं दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ हूं।’’

अभिनेता-फिल्म निर्माता अजय देवगन ने कहा कि आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर उन्हें सदमा लगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\