देश की खबरें | कंझावला मामला: 11 पुलिसकर्मी निलंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने कंझावला मामले में शुक्रवार को अपने 11 कर्मियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 13 जनवरी दिल्ली पुलिस ने कंझावला मामले में शुक्रवार को अपने 11 कर्मियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नए साल के पहले ही दिन तड़के एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और कार में फंस गयी युवती को आरोपी लगभग 12 किलामीटर तक सुल्तानपुरी से कंझावला तक सड़कों पर घसीटते रहे जिससे उसकी मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, वे घटना के समय रास्ते में पीसीआर और चौकियों में ड्यूटी पर थे।
गृह मंत्रालय ने इस मामले में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस को तीन पीसीआर वैन और दो चौकियों में ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया था।
विशेष आयुक्त शालिनी सिंह की अध्यक्षता वाली जांच समिति द्वारा एक रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘रोहिणी जिले के उन 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जो इस घटना के समय मार्ग पर पीसीआर और पिकेट पर तैनात थे।’’
पुलिस ने घटना के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)