जरुरी जानकारी | कमल किशोर चटिवाल ने इंद्रप्रस्थ गैस लि. के प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला

नयी दिल्ली, 15 जून इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के नए प्रबंध निदेशक कमल किशोर चटिवाल ने बृहस्पतिवार को पदभार संभाल लिया।

आईजीएल देश की सबसे बड़ी सीएनजी वितरण कंपनी है।

कंपनी ने बयान में कहा कि चटिवाल आईजीएल से जुड़ने से पहले ‘गेल’ जयपुर में कार्यकारी निदेशक और क्षेत्रीय विपणन के प्रमुख के तौर पर सेवाएं दे रहे थे।

सरकारी गैस कंपनी गेल आईजीएल की प्रवर्तक है।

बयान में कहा गया है, “आईआईटी-दिल्ली से केमिकल इंजीनियर चटिवाल को तेल और गैस क्षेत्र का लगभग 32 साल का अनुभव है। उन्हें विशेष रूप से बड़े पेट्रोरसायन परियोजनाओं को पूरा करने और उन्हें शुरू करने, गैस प्रसंस्करण इकाइयों के परिचालन और देखभाल, प्राकृतिक गैस कंप्रेसर स्टेशन और अंतर्देशीय एलपीजी पाइपलाइन में अनुभव है।”

उन्होंने आईजीएल में संजय कुमार का स्थान लिया है, जिन्हें गेल (इंडिया) लि.में निदेशक (विपणन) बनाया गया है।

आईजीएल, गेल और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल) का संयुक्त उद्यम है। इसमें दिल्ली सरकार की पांच प्रतिशत हिस्सेदारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)