देश की खबरें | अपनी ‘चिंताओं’ पर सकारात्मक चर्चा के बाद राजग में शामिल हुए : चिराग पासवान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी अपनी ‘चिंताओं’ पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सकारात्मक चर्चा के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनावों में राजग बिहार में सभी 40 सीटें जीतेगा।
नयी दिल्ली, 18 जुलाई लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी अपनी ‘चिंताओं’ पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सकारात्मक चर्चा के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनावों में राजग बिहार में सभी 40 सीटें जीतेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के अन्य नेताओं के साथ अपनी बातचीत का ब्योरा साझा करने से इनकार करते हुए पासवान ने कहा कि उन्होंने उनकी चिंताओं का सकारात्मक समाधान किया है।
उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी हाजीपुर से चुनाव लड़ेगी। वर्तमान में उनके चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस इस संसदीय सीट का लोकसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं।
पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा नीत राजग के हिस्से के रूप में लड़ेगी।
चिराग के पिता और दिवंगत दलित नेता रामविलास पासवान के नेतृत्व में अविभाजित लोजपा ने 2019 में छह लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ा था और भाजपा के साथ सीट के बंटवारे के तहत उसे राज्यसभा की एक सीट भी मिली थी।
युवा नेता चिराग चाहते हैं कि उनकी पार्टी में विभाजन के बावजूद भाजपा, उसी व्यवस्था पर कायम रहे। लोजपा में विभाजन के बाद बने दूसरे गुट राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग के चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस हैं, जो केंद्र के सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)