देश की खबरें | झारखंड सरकार ने सिंदरी उर्वरक संयंत्र के नज़दीक धारा 144 लगाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड सरकार ने एक ट्रेड यूनियन की ओर से प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर सिंदरी में हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
धनबाद (झारखंड), आठ मई झारखंड सरकार ने एक ट्रेड यूनियन की ओर से प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर सिंदरी में हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने स्थानीय युवाओं के लिए नौकरी में 75 फीसदी के आरक्षण की अपनी मांग के समर्थन में उर्वरक संयंत्र के द्वार पर सोमवार से दो दिन के धरने का आह्वान किया था। हालांकि सोमवार को संयंत्र के पास बीएमएस के प्रदर्शनकारी नज़र नहीं आए।
धनबाद के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रेम कुमार तिवारी ने एक अधिसूचना में कहा कि शांति, कानून एवं व्यवस्था बनाएं रखने तथा जरूरी सेवाओं का संचालन जारी रखने के लिए निषेधात्मक आदेश लागू किए गए हैं जिसके तहत चार से ज्यादा लोग एक जगह इकट्ठा नहीं हो सकते।
एसडीएम ने कहा, “ यह कार्रवाई एचयूआरएल सिंदरी परियोजना के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के आवेदन पर शुरू की गई है, जिन्होंने आशंका जताई थी कि प्रस्तावित दो दिवसीय धरने से उत्पादन प्रभावित हो सकता है।”
एचयूआरएल सिंदरी एफसीआई सिंदरी के स्थान पर बना है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी परियोजना है। उन्होंने बरौनी (बिहार) और गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) संयंत्रों के साथ 25 मई 2018 को इसकी आधारशीला रखी थी।
सिंदरी संयंत्र प्रतिदिन 3,850 टन यूरिया और 2,250 मीट्रिक टन अमोनिया का उत्पादन करता है। हालांकि संयंत्र ने व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया है, लेकिन इसका औपचारिक उद्घाटन होना अभी बाकी है।
एचयूआरएल सिंदरी संयंत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपेन रे ने मीडियाकर्मियों को बताया कि संयंत्र में अब तक 80 फीसदी नौकरियां स्थानीय युवाओं को दी जा चुकी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)