देश की खबरें | जेईई (मेन) दूसरा सत्र: 24 परीक्षार्थियों ने 100 एनटीए ‘स्कोर’ हासिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा शनिवार को घोषित इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई-मेन) के परिणाम में 24 परीक्षार्थियों ने 100 ‘स्कोर’ हासिल किया।
नयी दिल्ली, 19 अप्रैल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा शनिवार को घोषित इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई-मेन) के परिणाम में 24 परीक्षार्थियों ने 100 ‘स्कोर’ हासिल किया।
परीक्षा में शीर्ष स्थान पर रहने वालों में राजस्थान के सात परीक्षार्थी, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र के तीन-तीन, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और गुजरात के दो-दो और कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश का एक-एक परीक्षार्थी है। इनमें से दो छात्राएं हैं।
शीर्ष स्थान पाने वालों में 21 परीक्षार्थी सामान्य श्रेणी और एक-एक परीक्षार्थी अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी से है।
इस अहम परीक्षा के दूसरे सत्र में 9.92 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। पहले सत्र में 10.61 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के अनुसार, एनटीए ‘स्कोर’ अंकों के प्रतिशत के समान नहीं, बल्कि सामान्यीकृत ‘स्कोर’ है।
उन्होंने बताया कि एनटीए ‘स्कोर’ बहु-सत्रीय परीक्षा में सामान्यीकृत ‘स्कोर’ होता है और एक सत्र में परीक्षा के लिए उपस्थित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के सापेक्ष प्रदर्शन पर आधारित होता है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए प्राप्त ‘स्कोर’ को 100 से 0 तक के पैमाने पर परिवर्तित किया जाता है।
जेईई (मेन) पेपर-एक और पेपर-दो के परिणामों के आधार पर जेईई (एडवांस्ड) परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को छांटा जाएगा। सफल परीक्षार्थियों को 23 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश मिलता है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जो परीक्षार्थी परीक्षा के दोनों सत्रों में उपस्थित हुए, उनके लिए दोनों सत्रों का सर्वश्रेष्ठ एनटीए ‘स्कोर’ घोषित किया गया है।’’
परीक्षा 13 ओं - असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)