देश की खबरें | जेईई-मेन परिणाम : परीक्षा के पहले संस्करण में 14 छात्रों ने सर्वोच्च ‘स्कोर’ हासिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन 2025 के पहले संस्करण में देशभर के 14 छात्रों ने सर्वोच्च ‘स्कोर’ हासिल किया है। इनमें से अधिकतर छात्र राजस्थान से हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन 2025 के पहले संस्करण में देशभर के 14 छात्रों ने सर्वोच्च ‘स्कोर’ हासिल किया है। इनमें से अधिकतर छात्र राजस्थान से हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
सर्वोच्च ‘स्कोर’ हासिल करने वाले 14 छात्रों में से 12 सामान्य श्रेणी से हैं, जबकि एक-एक अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अनुसूचित जाति (एससी) से हैं। इनमें 13 छात्र और एक छात्रा शामिल है।
एनटीए ने बताया कि 39 अभ्यर्थियों के अंक घोषित नहीं किए गए हैं, क्योंकि वे अनुचित साधनों के इस्तेमाल में लिप्त पाए गए थे।
इस महत्वपूर्ण परीक्षा के पहले संस्करण में 12.58 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
सर्वोच्च ‘स्कोर’ हासिल करने वाले छात्रों में से पांच राजस्थान से, दो-दो दिल्ली और उत्तर प्रदेश से तथा एक-एक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना और महाराष्ट्र से हैं।
जिन अभ्यर्थियों ने सर्वोच्च ‘स्कोर’ हासिल किया, उनमें राजस्थान के आयुष सिंघल, रजित गुप्ता, सक्षम जिंदल, अर्नव सिंह और ओम प्रकाश बेहरा, दिल्ली के दक्ष और हर्ष झा, उत्तर प्रदेश के श्रेयस लोहिया और सौरव, कर्नाटक के कुशाग्र गुप्ता, महाराष्ट्र के विशाद जैन, गुजरात के शिवेन विकास, आंध्र प्रदेश के साई मनोगना और तेलंगाना की बानी ब्रता माजी शामिल हैं।
एनटीए अधिकारियों के मुताबिक, एनटीए स्कोर अंकों के प्रतिशत के समान नहीं, बल्कि सामान्यीकृत स्कोर है। उन्होंने बताया कि एनटीए स्कोर बहु-सत्रीय परीक्षा में सामान्यीकृत स्कोर है और एक सत्र में परीक्षा के लिए उपस्थित होने वाले सभी उम्मीदवारों के सापेक्ष प्रदर्शन पर आधारित है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए प्राप्त अंकों को 100 से 0 तक के पैमाने पर परिवर्तित किया जाता है।
जेईई-मेन परीक्षा असमिया, बांग्ला, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू सहित 13 ओं में आयोजित की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)