देश की खबरें | महाराष्ट्र विधानभवन परिसर में जयंत पाटिल और तटकरे एक-दूसरे के गले मिले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता जयंत पाटिल और सुनील तटकरे सोमवार को महाराष्ट्र विधान भवन परिसर में एक-दूसरे के गले मिले और संक्षिप्त बातचीत की। दोनों इस समय राकांपा के प्रतिद्वंद्वी गुटों के सदस्य हैं जिनका नेतृत्व क्रमश: शरद पवार और अजित पवार कर रहे हैं।
मुंबई, 24 जुलाई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता जयंत पाटिल और सुनील तटकरे सोमवार को महाराष्ट्र विधान भवन परिसर में एक-दूसरे के गले मिले और संक्षिप्त बातचीत की। दोनों इस समय राकांपा के प्रतिद्वंद्वी गुटों के सदस्य हैं जिनका नेतृत्व क्रमश: शरद पवार और अजित पवार कर रहे हैं।
चश्मदीदों के मुताबिक, पाटिल ने विधान भवन परिसर के गलियारे में तटकरे को देखा तो उनके पास जाकर गले मिले और दोनों ने कुछ मिनट तक सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की जिसकी विस्तृत जानकारी तत्काल प्राप्त नहीं हो सकी है।
पाटिल ने बाद में बताया कि उन्होंने तटकरे को तब गले लगाया जब उन्होंने एक-दूसरे के साथ मजाकिया लहजे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात को लेकर कोई राजनीतिक कयास नहीं लगाया जाना चाहिए।
पाटिल ने कहा, ‘‘हमने एक-दूसरे से हल्के-पुल्के अंदाज में बातचीत की। भले तटकरे व मैं अलग-अलग दलों (राकांपा के गुट) के सदस्य हैं लेकिन बेहतर है कि अलग-अलग दलों के लोगों से मित्रवत रिश्ता रखा जाए।’’
पाटिल ने कहा कि उन्होंने अजित पवार के साथ गए राकांपा के कुछ विधायकों के साथ दोपहर का भोजन किया लेकिन अब हम विधायकों के साथ कोई ‘मन की बात’ नहीं कर रहे।
उन्होंने कहा कि राजनीति और व्यक्तिगत स्तर के रिश्तों को अगल-अलग रखना चाहिए।
पाटिल ने कहा कि बिना सहमति के विधान भवन के गलियारे में तस्वीर खींचने पर रोक लगनी चाहिए।
राकांपा की स्थापना शरद पवार ने की थी लेकिन दो जुलाई को अजित पवार और आठ अन्य विधायक राज्य की शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में शामिल हो गए और उन्होंने अपने गुट के वास्तविक राकांपा होने के दावा किया है। अजित पवार के साथ जाने वाले विधायकों में छगन भुजबल, हसन मुशरिफ और दिलीप वलसे पाटिल भी शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)