देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर सरकार 1.37 लाख उद्यम सृजित करने के लिए ‘मिशन युवा’ पर काम कर रही: उपराज्यपाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर को उद्यमशीलता उत्कृष्टता और रोजगार सृजन के केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ‘मिशन युवा’ पर काम कर रही है।

जम्मू, 26 जनवरी जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर को उद्यमशीलता उत्कृष्टता और रोजगार सृजन के केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ‘मिशन युवा’ पर काम कर रही है।

गणतंत्र दिवस पर यहां आयोजित एक आधिकारिक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पांच वर्षों में 1,37,000 से अधिक उद्यम तथा लगभग 4,25,000 नौकरियां सृजित करना है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘क्षेत्र में बेरोजगारी, विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के बीच बेरोजगारी को दूर करने के लिए तैयार की गई इस पहल का उद्देश्य उद्यम विकास के लिए एक समग्र पारिस्थितिकी तंत्र बनाना है।’’

उपराज्यपाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे-उद्यमियों को बढ़ावा देना है, जिसमें दूरदराज के क्षेत्रों के प्रथम पीढ़ी के उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत विकासशील और उभरते क्षेत्रों में नए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) स्थापित करने, मौजूदा व्यवसायों को सतत विकास की ओर बढ़ाने तथा नवीन स्टार्टअप एवं ज्ञान-आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने पर फोकस रहेगा।

सिन्हा ने कहा कि प्रशासन ने सरकारी नौकरियों में भर्ती की प्रक्रिया को तेज करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चार-पांच साल में पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर 40,000 नियुक्तियां की गई हैं। अनुकंपा के आधार पर नियुक्तियों की प्रक्रिया में भी तेजी लाई गई है।’’

उन्होंने कहा कि 10,616 पद लोक सेवा आयोग और सेवा चयन बोर्ड से भरे जाने हैं जिनमें से 7,376 पदों के लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘श्रीनगर के नेहरू पार्क में एक जल क्रीड़ा अकादमी और जम्मू के एमए स्टेडियम में एक तलवारबाजी अकादमी स्थापित की गई है। विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ बहु-खेल केंद्र, नगरोटा में प्रतिष्ठित खेल गांव जल्द ही पूरा हो जाएगा।’’

उपराज्यपाल ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रदर्शन को बढ़ाने के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक जिले में उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे।

सिन्हा ने कहा, ‘‘सरकार ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 40,000 महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की योजना बना रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now