नयी दिल्ली, पांच जुलाई पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में सीवर लाइन में रिसाव के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को हुई। एहतियाती तौर पर घटनास्थल के चारों ओर अवरोधक लगा दिए गए हैं। सड़क के धंसे हुए हिस्से के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक समाप्त 24 घंटे की अवधि के दौरान 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, सड़क धंसने के बाद इलाके में समय पर घेराबंदी कर दी गई, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। संबंधित विभाग को सूचित कर दिया गया है ताकि मरम्मत करायी जा सके।
यातायात पुलिस ने इस मामले की जानकारी ट्विटर पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी।
यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘पोसांगीपुर पार्क के पास सड़क धंस गई है, जिसके कारण जोगिंदर सिंह मार्ग से पोसांगीपुर गांव की ओर जाने वाले तथा इसके विपरीत दोनों ही मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित है। कृपया इस मार्ग से बचें।’’
यातायात पुलिस विभाग ने कहा कि उसे जनकपुरी में पंखा रोड और मंगोलपुरी से जनकपुरी की ओर आने वाली सड़क पर जाम की जानकारी मिली।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली जल बोर्ड की सीवर लाइन में रिसाव के कारण सड़क धंस गई। इस क्षेत्र से दो पाइपलाइन गुजरती हैं - एक सीवर लाइन और एक पानी की पाइपलाइन। सीवर लाइन फट गई, जिससे सड़क धंस गई।’’
पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली जल बोर्ड को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और वे सीवर लाइन की मरम्मत के लिए काम कर रहे हैं। एक बार जब वे इसकी मरम्मत कर लेंगे, तो हम सड़क को भर देंगे और इसे एक बार फिर से चलने योग्य बना देंगे। हमारे कर्मचारी तैयार हैं और जल बोर्ड से अनुमति मिलते ही हम सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर देंगे।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सड़क धंसने को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना भी की।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘‘इस घटना को लेकर दिल्ली के लोग आश्चर्यचकित हैं... कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सड़कों को यूरोपीय देशों की सड़कों की तरह बनाने का दावा करते हैं और यहां हम दिल्ली की सड़कों के धंसने, उनमें गड्ढे होने की घटना देखते हैं। दिल्ली की सीमा में किसी भी ओर से प्रवेश करने पर, वहां सड़कों की हालत दयनीय दिखाई देती है।’’
वीरेंद्र सचदेवा ने पीडब्ल्यूडी के बिना सुरक्षा वाले निर्माण स्थल पर पिछले सप्ताह एक ऑटोरिक्शा चालक की मौत की घटना का भी उल्लेख किया और दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री आतिशी से जवाबदेही की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY