देश की खबरें | राजस्थान सरकार ने जल जीवन मिशन में किया घोटाला : मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार ने जल जीवन मिशन में घोटाला किया है और इसलिए प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की कार्रवाई की है।
जयपुर, एक सितंबर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार ने जल जीवन मिशन में घोटाला किया है और इसलिए प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की कार्रवाई की है।
जोशी ने किसी का नाम लिये बिना आरोप लगाया कि इस घोटाले में एक मंत्री और कुछ स्थानीय विधायकों की संलिप्तता है।
उन्होंने कहा, “गहलोत सरकार के मंत्री और कुछ स्थानीय स्तर के विधायक जल जीवन मिशन घोटाले में शामिल हैं। जब आप भ्रष्टाचार करते हैं तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) छापेमारी करता है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री गहलोत और कांग्रेस सरकार को एक मिनट भी सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।'
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 'मोहब्बत की दुकान' की बात करते हैं लेकिन कांग्रेस शासित राजस्थान में 'मोहब्बत की दुकान' का मतलब महिलाओं, दलितों और संतों के खिलाफ अपराध है।
जोशी ने कहा, “राजस्थान में मोहब्बत की दुकान का मतलब है दलितों पर अत्याचार, महिलाओं और लड़कियों का बलात्कार एवं हत्या, संतों की हत्या। राजस्थान सरकार के एक मंत्री का कहना है कि प्रदेश 'मर्दों' का राज्य है।''
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में लोग कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर देंगे।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के खिलाफ भाजपा विधायक कैलाश मेघवाल की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर जोशी ने कहा कि पार्टी लाइन के खिलाफ बोलना उनकी आदत रही है।
उन्होंने कहा कि विधायक को उन्हें दिये गये अनुशासनहीनता के नोटिस का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करती।’’
जोशी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को सवाई माधोपुर में परिवर्तन यात्रा की शुरूआत करेंगे।
पार्टी शनिवार से मंगलवार तक विभिन्न स्थानों से कुल चार यात्राएं शुरू करेगी और प्रत्येक यात्रा का उद्घाटन एक केंद्रीय नेता द्वारा किया जाएगा।
दूसरी यात्रा तीन सितंबर को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम से शुरू होगी जिसे गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखायेंगे। तीसरी यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चार सितंबर को जैसलमेर के रामदेवरा से शुरू करेंगे और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पांच सितंबर को गोगामेड़ी, हनुमानगढ़ से चौथी यात्रा शुरू करेंगे।
कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)