देश की खबरें | जहांगीरपुरी हिंसा : कड़ी सुरक्षा व अवरोधकों से लोगों की जीविका प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर हुई हिंसा के बाद सी- ब्लॉक इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है और कई निवासियों ने शुक्रवार को कहा कि वे आवाजाही पर लगी पाबंदियों की वजह से अपनी दुकानें नहीं खोल पा रहे हैं या अपने काम पर नहीं जा पा रहे हैं जिससे उनका जीविकोपार्जन प्रभावित हो रहा है।
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर हुई हिंसा के बाद सी- ब्लॉक इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है और कई निवासियों ने शुक्रवार को कहा कि वे आवाजाही पर लगी पाबंदियों की वजह से अपनी दुकानें नहीं खोल पा रहे हैं या अपने काम पर नहीं जा पा रहे हैं जिससे उनका जीविकोपार्जन प्रभावित हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को हुई सांप्रदायिक हिंसा का केंद्र रहे जहांगीरपुरी के सी- ब्लॉक में अधिकतर मकान निम्न आय वर्ग के लोगों के हैं। इस इलाके के निवासी आम तौर पर कारखानों में काम करते हैं या कबाड़, मैकेनिक, सब्जी-फल की रेहड़ी लगाने और किराना की दुकान चलाने जैसे छोटा-मोटा कारोबार करते हैं।
इलाके के कुछ निवासियों ने शुक्रवार को बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा बुधवार को चलाए गए अतिक्रमण रोधी अभियान से भी उनका कारोबार प्रभावित हुआ है क्योंकि निकाय के बुलडोजर ने यथास्थिति कायम रखने का उच्चतम न्यायालय का आदेश आने से पहले ही कुछ अस्थायी और कंक्रीट ढांचों को ध्वस्त कर दिया था।
इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अब भी इलाके में जगह-जगह अवरोधक लगे हुए हैं। सी- ब्लॉक में शुक्रवार को भी पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती रही। पुलिस ने बताया कि अवरोध कुछ और दिनों तक इलाके में कायम रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पुलिस उन्हें स्वतंत्र आवाजाही करने और अपनी दुकानें खोलने नहीं दे रही है। इसी इलाके में रहने वाली अनवर बीबी ने बताया कि अवरोधकों और लोगों पर लगाई गई पाबंदियों से उनका जीविकोपार्जन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ये अवरोध हमारे लिए सबसे बड़ी समस्या उत्पन्न कर रहे हैं। मैं अपने 17 साल के बेटे के साथ कबाड़ का काम करती हूं। हम गरीब लोग हैं। अधिकारियों को कम से कम हमारे जीविकोपार्जन के बारे में सोचना चाहिए। हम अपनी रोजी-रोटी नहीं कमा पा रहे हैं। यह कब तक चलेगा?’’
उन्होंने कहा कि उसका पति नहीं कमाता है और परिवार उनके और बेटे की कमाई पर निर्भर है।
अनवर बीबी ने ‘‘ पीटीआई-’’से कहा, ‘‘ हमारा चार सदस्यों का परिवार है। मुझे घर का किराया भी देना है। बिना कमाई हम यह कैसे करेंगे? मेरा परिवार मुझ पर और मेरे बेटे की कमाई पर निर्भर है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)