जरुरी जानकारी | इरेडा के शेयर निर्गम मूल्य से 87.5 प्रतिशत उछाल के साथ सूचीबद्ध
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
नयी दिल्ली, 29 नवंबर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास लिमिटेड (इरेडा) के शेयर बुधवार को निर्गम मूल्य 32 रुपये से 87.5 प्रतिशत उछाल के साथ बाजार में सूचीबद्ध हुए।
बीएसई और एनएसई दोनों पर इरेडा के शेयर निर्गम मूल्य से 56.25 प्रतिशत चढ़कर 50 रुपये पर सूचीबद्ध हुए।
कारोबार के दौरान यह बीएसई पर 87.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59.99 रुपये पर पहुंच गया। वहीं एनएसई पर शेयर 87.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60 रुपये पर बंद हुआ।
इसके साथ इस ऊर्जा कंपनी का बाजार मूल्यांकन 16,123.90 करोड़ रुपये हो गया।
कारोबार के दौरान बीएसई पर कंपनी के 381.55 लाख शेयरों और एनएसई पर 57.98 करोड़ से अधिक शेयरों का कारोबार हुआ।
इरेडा के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गत बृहस्पतिवार को 38.80 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 30-32 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
भारतीय जीवन बीमा निगम के पिछले साल मई में आईपीओ लाने के बाद यह किसी सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम का पहला सार्वजनिक निर्गम होगा। इरेडा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के तहत एक ‘‘मिनीरत्न’’ कंपनी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)