देश की खबरें | देशभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में महिला किसानों ने प्रदर्शन स्थलों पर मंच का संचालन किया जबकि एक महिला उप निरीक्षक ने पुलिस थाने का प्रबंधन किया। इस मौके पर संसद में कई सांसदों ने महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण की वकालत की।

नयी दिल्ली, आठ मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में महिला किसानों ने प्रदर्शन स्थलों पर मंच का संचालन किया जबकि एक महिला उप निरीक्षक ने पुलिस थाने का प्रबंधन किया। इस मौके पर संसद में कई सांसदों ने महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण की वकालत की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई दी और कहा कि भारत को उनकी तमाम उपलब्धियों पर गर्व है।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व होता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।’’

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए, आज के दिन हम महिलाओं एवं पुरुषों के बीच असमानता को पूरी तरह समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।’’

कोविंद ने अपनी पत्नी सविता कोविंद की तस्वीर भी ट्वीट की, जिसमें वह कोविड-19 टीके की पहली खुराक लेती दिख रही हैं।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस मौके पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हुए कहा कि उनके योगदान ने कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘नो ‘हीरो’ विदआउट ‘हर’ (नारी के बिना नायक नहीं)।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘कोविड-19 संकट के इस समय में नारी शक्ति की निस्वार्थ और मजबूत भूमिका सामने आयी। इस महिला दिवस पर हम कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई में योगदान देने वाली 60 लाख से अधिक महिला स्वास्थ्यकर्मियों को सलाम करते हैं।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस अवसर पर कहा कि महिलाएं इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महिलाएं पूरे विनीत भाव से इतिहास रचने और भविष्य संवारने में सक्षम हैं। कोई आपको रोकने नहीं पाए।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘महिलाओं की आवाज को ज्यादा से ज्यादा जगह मिलना महिला सशक्तीकरण की नींव है। जितनी ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि, वकील, पायलट, उद्यमी, सैनिक, डॉक्टर, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, खिलाड़ी, कलाकार...होंगी, ये दुनिया उतनी ही खूबसूरत और सशक्त बनेगी।’’

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली के सिंघू, टीकरी एवं गाजीपुर के प्रदर्शन स्थलों पर महिला किसानों ने मार्च निकाला और भाषण दिए।

किसान नेता कविता कुरूगांती ने सोमवार को ‘पीटीआई-’ को बताया कि मंच का प्रबंधन महिलाओं ने किया, सभी वक्ता महिलायें थीं और जिन मसलों पर चर्चा की गयी उनमें विशेष रूप से खेती और महिला किसानों का मुद्दा शामिल था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\