देश की खबरें | अमृतसर के अस्पताल में दो कोविड-19 मरीजों के शवों की हुई अदला-बदली, जांच के दिए गए आदेश
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अमृतसर/होशियारपुर, 19 जुलाई अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में दो कोविड​​-19 मरीजों के शवों की अदला-बदली होने की घटना सामने आई है। इस मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच शुरू करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह घटना शनिवार को सामने आई जब एक कोविड पीड़ित 92 वर्षीय व्यक्ति के परिवार के सदस्यों ने होशियारपुर में दाह संस्कार से पहले उसका चेहरा देखने पर जोर दिया, लेकिन जब उन्होंने पीपीई किट में लिपटी किसी महिला का शव देखा, तो वे स्तब्ध रह गए।

यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में अबतक एक दिन में सबसे ज्यादा 9,518 नए मरीज पाए गए, 258 की मौत : 19 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

हालांकि, अमृतसर में कोविड-19 के कारण मरने वाली एक 37 वर्षीय महिला के परिवार ने उस शव का पहले ही अंतिम संस्कार कर दिया था, जो उसे अस्पताल द्वारा सौंपा गया था।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम को अस्पताल में कोविड​​-19 से पीड़ित दोनों मरीजों ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि उनके शव शवगृह में भेज दिए गए थे।

यह भी पढ़े | शरद पवार का मोदी सरकार पर तंज, कहा- कुछ लोग सोचते हैं राम मंदिर बनाने से कोरोना वायरस का होगा अंत.

पीपीई किट में लिपटे शवों को उनके घर भेजने के दौरान, अस्पताल के कर्मचारियों ने ताबूत पर गलत नाम चिपका दिया था।

इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए, अमृतसर के उपायुक्त शिवदुलार सिंह ढिल्लों ने कहा, ‘‘यह एक गंभीर गलती है और पूरे मामले की सच्चाई का पता लगाने और इसकी जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मामले के पूरे तथ्यों का पता लगाने और मामले में जिम्मेदारी तय करने के लिए एक मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं।’’

ढिल्लों ने कहा कि अमृतसर के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट शिवराज सिंह बल इसकी जांच करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)