देश की खबरें | प्रशांत किशोर के विषय पर कांग्रेस में गहन मंथन का दौर जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की ओर से अगले लोकसभा चुनाव और कांग्रेस में नयी जान फूंकने के लिए पेश की गयी रणनीति पर पार्टी के भीतर गहन मंथन का दौर जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किशोर के साथ चर्चा की।

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की ओर से अगले लोकसभा चुनाव और कांग्रेस में नयी जान फूंकने के लिए पेश की गयी रणनीति पर पार्टी के भीतर गहन मंथन का दौर जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किशोर के साथ चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी और कुछ अन्य नेता मौजूद थे।

इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी सोनिया गांधी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान भी किशोर के विषय पर चर्चा हुई।

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का यह समूह किशोर की रणनीति को लेकर चर्चा करेगा और कुछ दिनों के भीतर सोनिया गांधी को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

 पिछले चार दिनों के भीतर प्रशांत किशोर तीसरी बार सोनिया गांधी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने सोमवार को भी सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

 इससे पहले, किशोर ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर शनिवार को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के समक्ष पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई और अगले लोकसभा चुनाव की रणनीति का खाका पेश किया।

 सूत्रों ने बताया कि किशोर ने सुझाव दिया है कि उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जैसे कुछ राज्यों में कांग्रेस को नए सिरे से अपनी रणनीति बनानी चाहिए और इन प्रदेशों में गठबंधन से परहेज करना चाहिए।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, अपनी प्रस्तुति में प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि कांग्रेस को लगभग 370 लोकसभा सीट पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल एवं तमिलनाडु में गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\