इंदौर, 12 जून भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष वैभव पवार की मौजूदगी में इंदौर के एक रेस्तरां में भाजयुमो के शहर अध्यक्ष सौगात मिश्रा को कथित तौर पर पीटे जाने के मामले में सोमवार को मोर्चे के दो नेताओं से तमाम पद छीन लिए गए। भाजयुमो के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि शनिवार को हुई मारपीट की घटना रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।
चश्मदीदों ने बताया कि इंदौर दौरे पर आए पवार की मौजूदगी में भंवरकुआं क्षेत्र के एक रेस्तरां में भाजयुमो के शहर अध्यक्ष सौगात मिश्रा द्वारा मोर्चे के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ के पिता को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी किए जाने के बाद विवाद की शुरुआत हुई थी।
चश्मदीदों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर मिश्रा को गौड़ के कथित समर्थकों ने पीट दिया था।
भाजयुमो के एक पदाधिकारी ने बताया कि इस विवाद की छानबीन के बाद मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष पवार ने प्रदेश मंत्री गौड़ और विशेष आमंत्रित सदस्य नयन सोनी को ‘‘घोर अनुशासनहीनता’’ के आरोप में तमाम पदों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है।
उन्होंने बताया कि भाजपा की युवा इकाई द्वारा दोनों नेताओं को पदमुक्त किए जाने के आदेश में कहा गया कि इंदौर के रेस्तरां में हुए विवाद के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से पार्टी की छवि धूमिल हुई है।
इस बीच, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष पवार ने ‘‘पीटीआई-’’ से कहा,‘‘इस दुर्भाग्यपूर्ण विवाद के दौरान मैं खुद मौके पर था। तमाम भाजयुमो कार्यकर्ताओं के लिए मेरा संदेश यही है कि वे अनुशासन को लेकर पार्टी की सुदीर्घ परंपरा का पालन करें और अपने बीच के तमाम मसलों को आपसी बातचीत के जरिये सुलझाएं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY