देश की खबरें | भारतीय नौसेना एक उत्कृष्ट बल : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना को बधाई दी और उसे एक ‘‘उत्कृष्ट बल’’ बताया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, चार दिसंबर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना को बधाई दी और उसे एक ‘‘उत्कृष्ट बल’’ बताया।

सिंह ने ट्वीट कर भारतीय नौसेना के पेशेवर व्यवहार की प्रशंसा की और भारत के समुद्री क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए उसके प्रयासों का विशेषतौर पर उल्लेख किया।

यह भी पढ़े | GHMC Election Results 2020: टीआरएस नेता तलसानी श्रीनिवास यादव बोले- हैदराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन पर फिर से TRS का होगा कब्ज़ा.

सिंह ने कहा, ‘‘'भारतीय नौसेना दिवस 2020 के अवसर पर इस उत्कृष्ट बल के सभी कर्मियों को मेरी शुभकामनाएं। समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करके हमारे समुद्र को सुरक्षित रखने में भारतीय नौसेना सबसे आगे हैं। मैं उनकी वीरता, साहस और पेशेवर रवैये को सलाम करता हूं।’’

सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, नौसेना प्रमुख करमबीर सिंह और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने भी नौसेना दिवस पर राष्ट्रीय समर स्मारक पर देश के शहीद नायकों को श्रद्धांजलि दी।

यह भी पढ़े | Uttar Pradesh: यूपी के ललितपुर में पत्नी ने दिया चौथी बेटी को जन्म तो पिता ने कर ली आत्महत्या, ये थी वजह.

वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा कराची बंदरगाह पर किए गए हमले की याद में प्रत्येक वर्ष चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है।

एक संदेश में एडमिरल सिंह ने भारत की समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता को सुनिश्चित करने में नौसेना की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।

भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में चीनी नौसेना के जहाजों और पनडुब्बियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए क्षेत्र में अपनी गतिविधि बढ़ा दी है।

एडमिरल सिंह ने कहा, ‘‘नौसेना दिवस 2020 के अवसर पर देश की समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता सुनिश्चित करने के वास्ते हम राष्ट्र की सेवा के लिए भारतीय नौसेना की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हैं।’’

नौसेना दिवस के अवसर पर कई केंद्रीय मंत्रियों, राजनयिकों और प्रमुख हस्तियों ने भारतीय नौसेना को बधाई दी।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया कि विदेशों में भारत के हितों को सुनिश्चित करने में उनका मंत्रालय नौसेना का करीबी सहयोगी रहा है और दोनों पक्षों ने मिलकर मानवीय सहायता प्रदान की है तथा आपदा के समय राहत मुहैया कराई है जिसने देश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस भागीदारी को आगे बढ़ाने के लिए आशान्वित हूं।’’

अमेरिकी राजदूत केन जस्टर ने भी भारतीय नौसेना को बधाई दी और पिछले महीने हुए सफल मालाबार नौसेना अभ्यास का जिक्र किया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत में अमेरिकी दूतावास की ओर से नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना को बहुत बहुत बधाई। इस साल के सफल मालाबार नौसेना अभ्यास में अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करने के लिए शुक्रिया। आशा करता हूं कि भारत-अमेरिका रक्षा भागीदारी में लगातार वृद्धि होती रहेगी।’’

भारत ने क्वाड सदस्य देशों को मालाबार नौसेना अभ्यास के लिए आमंत्रित किया था। क्वाड देशों में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं। इसका लक्ष्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मुक्त नौवहन सुनिश्चित करना है। हाल के वर्षों में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन का दखल बढ़ गया है।

बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में एडमिरल सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना भारत के समुद्री हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\