विदेश की खबरें | भारतीय नागरिक ने कंपनी के कार्यक्रम में 11.50 लाख रुपये का इनाम जीता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. सिंगापुर में काम करने वाले एक भारतीय नागरिक ने एक कंपनी के ‘डिनर-एंड-डांस’ कार्यक्रम में 18,888 सिंगापुर डॉलर की राशि जीती है।
सिंगापुर, एक जून सिंगापुर में काम करने वाले एक भारतीय नागरिक ने एक कंपनी के ‘डिनर-एंड-डांस’ कार्यक्रम में 18,888 सिंगापुर डॉलर की राशि जीती है।
‘द स्ट्रेट टाइम्स’ की खबर के मुताबिक, भारी वाहनों को किराये पर देने वाली कंपनी ‘पोल्लिसुम इंजीनियरिंग’ ने दक्षिण कोरियाई धारावाहिक ‘स्क्विड गेम’ की तर्ज पर खेल आयोजित किए थे।
खबर के मुताबिक, कंपनी में कार्यरत भारतीय नागरिक सेल्वम अरुमुगम (42) ने पिछले शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में 18,888 सिंगापुर डॉलर (11.50 लाख रुपये से अधिक राशि) जीते। यह रकम उनकी डेढ़ साल की तनख्वाह के बराबर है।
अरुमुगम ने कहा कि वह इस रकम का इस्तेमाल भारत में अपने परिवार के लिए घर बनाने के लिए करेंगे, क्योंकि उनका परिवार फिलहाल किराये के फ्लैट में रहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने भाइयों के बच्चों की पढ़ाई में मदद करने के लिए भी इस राशि का इस्तेमाल करेंगे।
अरुमुगम ने कहा कि भारत में उनके परिवार में 15 सदस्य हैं। उनके माता-पिता और दो भाइयों की मौत हो चुकी है और परिवार में उनकी पत्नियां और कुल सात बच्चे हैं।
उन्होंने कहा, “ जब मुझे पता चला कि मैं जीत गया हूं तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ.. मैंने अपने परिवार को फोन कर यह खुश खबरी सुनाई।”
अरुमुगम ने कहा, “ मेरी पत्नी तो पहले समझी कि मैं मज़ाक कर रहा हूं लेकिन जब मेरे दोस्त ने उससे बात की तो उसे यकीन हुआ। सब बहुत खुश हैं।”
नेटफ्लिक्स पर आने वाली ‘स्क्विड गेम’ सीरीज़ में नकदी संकट से जूझ रहे प्रतिभागी बड़े नकद पुरस्कार के लिए बच्चों के खेल में एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते हैं और इस प्रक्रिया में अपनी जिंदगी दांव पर लगाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)