कोलकाता, 23 अगस्त केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने बुधवार को कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास देश की कंपनियों को निर्यात के लिए नए बाजार तलाशने में मदद करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की वृद्धि और समृद्धि आंतरिक रूप से वैश्विक बाजारों में प्रवेश करने तथा उसके द्वारा पेश किए जाने वाले अविश्वसनीय उत्पादों और सेवाओं पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व दुनिया के लगभग सभी देशों में है। “हमारे दूतावास वाणिज्यिक प्रतिनिधियों से लैस हैं। वे सभी भारतीय उद्यमों को नए बाजार तलाशने में मदद करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।’’
मंत्री ने कहा, “विश्वास, गुणवत्ता और सुनिश्चित आपूर्ति किसी भी निर्यात व्यवसाय की दीर्घकालिक सफलता के लिए प्रमुख घटक हैं।”
उन्होंने कहा, “भारत अपने निर्यात को 2030 तक बढ़ाकर 2,000 अरब डालर तक करना चाहता है। हमारा 2030 का निर्यात लक्ष्य आज ब्राजील या कनाडा की कुल जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) के बराबर होगा।”
सिंह ने विश्वास जताया कि भारत 2030 तक निर्यात से अपनी आय मौजूदा से 2.5 गुना ज्यादा तक बढ़ा लेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “भारत की वृद्धि गाथा में निर्यात सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY