विदेश की खबरें | ब्रिटेन की महारानी के 'प्लैटिनम जुबली' समारोह में भारतीय नृत्यांगना अरुणिमा ने दी प्रस्तुति

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पुरस्कार विजेता भारतीय नृत्यांगना और कोरियोग्राफर अरुणिमा कुमार ने अपनी नृत्य कंपनी के साथ लंदन में ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के भव्य 'प्लेटिनम जुबली' समारोह में शास्त्रीय भारतीय नृत्य कुचिपुड़ी का प्रदर्शन किया।

लंदन, छह जून पुरस्कार विजेता भारतीय नृत्यांगना और कोरियोग्राफर अरुणिमा कुमार ने अपनी नृत्य कंपनी के साथ लंदन में ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के भव्य 'प्लेटिनम जुबली' समारोह में शास्त्रीय भारतीय नृत्य कुचिपुड़ी का प्रदर्शन किया।

दिल्ली पुलिस के पूर्व प्रमुख नीरज कुमार की बेटी और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) से स्नातक अरुणिमा ने कहा कि रविवार को यहां बकिंघम पैलेस में कुचिपुड़ी के माध्यम से भारत की एक झलक पेश करके वह सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (96) ने फरवरी 1952 में 25 वर्ष की आयु में ब्रिटिश सिंहासन ग्रहण किया था। महारानी के सिंहासन पर 70 साल पूरे होने का जश्न मनाने के साथ ‘प्लेटिनम जुबली’ समारोह मनाया जा रहा है। लंदन में चार दिनों से परेड, सड़कों पर जश्न मनाए जा रहे हैं।

चार दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को सैकड़ों कलाकारों ने तीन किलोमीटर के रास्ते पर परेड करते हुए रानी के जीवन की कहानी को नृत्य, संगीत और कठपुतली के साथ बताया।

अरुणिमा ने कहा, ‘‘मैंने वेस्टमिंस्टर एब्बे में 4-50 वर्ष की आयु के 50 कुचिपुड़ी नर्तकियों के साथ अपने राष्ट्र और राष्ट्रमंडल के लिए महारानी एलिजाबेथ की असाधारण 70 साल की सेवा का जश्न मनाने के लिए 'राज्य - वह कालातीत' पर नृत्य प्रस्तुत किया।''

उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत और कुचिपुड़ी का प्रतिनिधित्व करना हमेशा उनका लक्ष्य रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अब इतिहास का एक हिस्सा है और शायद मेरी विरासत। हजारों लोगों ने हमें उत्साहित किया। लाखों लोगों ने हमें टीवी पर देखा और यह एक उत्साहपूर्ण क्षण था, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\