देश की खबरें | पाकिस्तान, बलूचिस्तान से आये 92 अल्पसंख्यक प्रवासियों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कम से कम 92 अल्पसंख्यक प्रवासियों को बृहस्पतिवार को कलेक्टर राजेश नार्वेकर से भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र मिला। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

ठाणे, 16 जून महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कम से कम 92 अल्पसंख्यक प्रवासियों को बृहस्पतिवार को कलेक्टर राजेश नार्वेकर से भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र मिला। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने कहा कि नार्वेकर ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में पाकिस्तान और बलूचिस्तान के प्रवासियों को प्रमाणपत्र सौंपे।

कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि यह उन लोगों के लिए गर्व का क्षण है जिन्होंने देश की आजादी के 75वें वर्ष में नागरिकता प्रमाणपत्र प्राप्त किये हैं। जिला कलेक्ट्रेट ने नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए जिले में चार शिविर आयोजित किये थे।

गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई जो भारत के निवासी हैं, उन्हें देश की नागरिकता दी जाती है।

उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली ऐसे निवासियों को नागरिकता देने के लिए अधिकृत हैं और मुंबई, मुंबई उपनगरीय, ठाणे, पुणे और नागपुर सहित देश के 16 जिलों के कलेक्टर प्रमाणपत्र जारी कर सकते हैं।

समारोह में अतिरिक्त कलेक्टर वैदेही रानाडे, रेजिडेंट उप कलेक्टर सुधाम परदेशी और उप कलेक्टर रेवती गायकर मौजूद थे। जिला राजस्व अधिकारियों के अनुसार, ठाणे में कुल 271 लोगों को 2018 और 2022 में नागरिकता प्रमाणपत्र जारी किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\