देश की खबरें | भारतीय नागरिक कौशिक बरुआ को कंबोडिया के शाही पुरस्कार से सम्मानित किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कंबोडिया की सरकार ने भारतीय नागरिक कौशिक बरुआ को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया है।
गुवाहाटी, 24 फरवरी कंबोडिया की सरकार ने भारतीय नागरिक कौशिक बरुआ को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया है।
बरुआ, वर्तमान में कंबोडिया और लाओस में कृषि विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय कोष (आईएफएडी) के निदेशक हैं।
कंबोडिया में संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट के अनुसार बरुआ को ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ सहामत्रेई’ के तहत कंबोडियाई सरकार द्वारा राष्ट्रीय पदक दिया गया।
यह पुरस्कार, कंबोडिया के राजा और लोगों के प्रति उल्लेखनीय सेवा देने के लिए विदेशी नागरिकों को दिया जाता है।
आईएफएडी, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी है जो विकासशील देशों में गरीबी और भूख की समस्याओं के निदान के लिए काम करती है।
बरुआ के सहकर्मी एस. मेंग को भी ‘रॉयल आर्डर ऑफ सोवथारा’ के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है।
वह कंबोडिया के नागरिक हैं और आईएफएडी की कंबोडिया इकाई में अधिकारी हैं।
वेबसाइट के अनुसार, दोनों को कंबोडिया में गरीबी कम करने, ग्रामीण विकास और कृषि विकास के क्षेत्र में काम करने के लिए पुरस्कृत किया गया है।
बरुआ ने पीटीआई- से बातचीत के दौरान कहा, “कंबोडिया की सरकार और कृषि मंत्रालय की ओर से दिए गए इस पुरस्कार के लिए मैं तहेदिल से धन्यवाद देता हूं। इसका श्रेय उन सभी सहयोगियों को जाता है जिन्होंने कंबोडिया में कृषि क्षेत्र और ग्रामीण विकास के सुधार के लिए अथक परिश्रम किया है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)