देश की खबरें | भारत को 2034 विश्व कप के कुछ मैचों की मेजबानी के बारे में सोचना चाहिए: एआईएफएफ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के आंतरिक सर्कुलर के अनुसार देश में फुटबॉल की संचालन संस्था सऊदी अरब में होने वाले 2024 फीफा विश्व कप के कुछ मैचों की मेजबानी की योजना पर विचार कर रही है।
नयी दिल्ली, 17 दिसंबर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के आंतरिक सर्कुलर के अनुसार देश में फुटबॉल की संचालन संस्था सऊदी अरब में होने वाले 2024 फीफा विश्व कप के कुछ मैचों की मेजबानी की योजना पर विचार कर रही है।
पिछले महीने फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने 31 अक्टूबर की समय सीमा समाप्त होने के बाद पुष्टि की थी कि सऊदी अरब 2034 विश्व कप की मेजबानी के लिए बोली लगाने वाला एकमात्र देश है।
एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) की 18 अक्टूबर को हुई आपात कांग्रेस में सऊदी अरब की दावेदारी का समर्थन किया गया था। भारत ने भी इस कदम का समर्थऩ किया था।
पता चला है कि एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कार्यकारी समिति के सदस्यों से कहा है कि भारत को 2034 विश्व कप के कुछ मुकाबलों की मेजबानी के बारे में सोचना चाहिए।
विश्व कप 2034 में 48 टीम हिस्सा लेंगी और इसमें 104 मैच खेले जाएंगे। विचार यह है कि इनमें से लगभग 10 मैच का आयोजन भारत में कराया जा सकता है।
एआईएफएफ की नौ नवंबर को हुई कार्यकारी समिति की बैठक के ‘ड्राफ्ट मिनट’ के अनुसार, ‘‘अध्यक्ष ने सभा को बताया कि भारत को 2034 में विश्व कप का सह मेजबान बनने की योजना पर काम करना चाहिए या इस बारे में सोचना चाहिए।’’
विश्व कप 2030 का आयोजन तीन महाद्वीप (अफ्रीका, यूरोप और दक्षिण अमेरिका) में कराने का फैसला करने के बाद फीफा ने 2034 विश्व कप की मेजबानी की पात्रता को एशिया या ओसियाना तक सीमित कर दिया था।
सऊदी अरब 2027 में एएफसी एशियाई कप की मेजबानी भी करेगी क्योंकि भारत इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता की मेजबानी की बोली से पीछे हट गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)