खेल की खबरें | भारत संरचनात्मक हॉकी नहीं खेल रहा: सकलेन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के मुख्य कोच मुहम्मद सकलेन ने चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ होने वाले एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के मुकाबले से पहले मंगलवार को कहा कि भारत संरचनात्मक (स्ट्रक्चरल) हॉकी नहीं खेल रहा है।

चेन्नई, आठ अगस्त पाकिस्तान के मुख्य कोच मुहम्मद सकलेन ने चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ होने वाले एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के मुकाबले से पहले मंगलवार को कहा कि भारत संरचनात्मक (स्ट्रक्चरल) हॉकी नहीं खेल रहा है।

भारत और पाकिस्तान बुधवार को यहां मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में आमने-सामने होंगे।

भारत ने जहां सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है तो वहीं पाकिस्तान को अभी भी अंतिम चार में जगह पक्की करनी है।

सकलेन ने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘भारत संरचनात्मक हॉकी नहीं खेल रहा है, लेकिन पाकिस्तान खेल रहा है। भारत केवल फिटनेस के आधार पर खेल रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संरचनात्मक हॉकी कोरिया और जापान खेलते हैं। भारत ज्यादातर गेंद के पीछे खेलता रहा है और मुख्य रूप से जवाबी हमले पर निर्भर रहता है।’’

पाकिस्तानी कोच ने स्वीकार किया कि उनकी युवा टीम के लिए भारत से बेहतर प्रदर्शन करना कठिन होगा।

सकलेन ने कहा, ‘‘पाकिस्तान को प्रतिस्पर्धी हॉकी में भारत को हराए हुए काफी समय हो गया है। यह एक युवा टीम है जिसमें 14 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने पहले कभी भारत का सामना नहीं किया है।’’

सकलेन ने कहा कि पाकिस्तान ने आक्रामक खेल खेला है लेकिन फिनिशिंग अब भी चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा, ‘‘फिनिशिंग हमारे लिए चिंता का विषय रहा है। हमने लड़कों को चूके हुए मौकों के दौरान उनकी स्थिति के बारे में समझाया है। हमारे सेंटर फॉरवर्ड को कल एक महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।’’

इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान टीम के मुख्य कोच नियुक्त किए गए सकलेन ने स्वीकार किया कि उन्हें शारीरिक फिटनेस के पहलू पर काम करने के लिए अधिक समय की जरूरत है।

यह स्वीकार करते हुए कि भारत का पलड़ा भारी रहेगा, सकलेन ने कहा कि पाकिस्तान अपने विरोधियों को आश्चर्यचकित कर सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हर खेल में जीत या हार होती है। हमारे पास एक युवा टीम है जबकि भारत के पास कहीं बेहतर टीम है और उसका पलड़ा भारी है। भारत का पेनल्टी कॉर्नर उनका सबसे बड़ा फायदा है, जो दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है।’’

सकलेन ने कहा, ‘‘अगर हम इसी तरह बचाव कर सकते हैं और किसी तरह भारत को शुरुआती क्वार्टर में गोल करने से रोक सकते हैं, तो हमारे पास उन्हें हराने का अच्छा मौका है। हम निश्चित रूप से भारत को आश्चर्यचकित कर सकते हैं।’’

पाकिस्तान के कप्तान उमर भुट्टा ने स्वीकार किया कि उनकी टीम में अनुभव की कमी है।

भुट्टा ने कहा, ‘‘भारत-पाकिस्तान मैच आम तौर पर आक्रामक होते हैं। जो टीम अपनी आक्रामकता पर बेहतर नियंत्रण रखेगी, वह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। कम अनुभवी खिलाड़ियों वाली युवा टीम होने के बावजूद वे इस मुकाबले के लिए उत्साहित हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\