IPL Purple Cap Winners List: आईपीएल के 18 सीजनों में इन गेंदबाजों ने मचाया तांडव, पर्पल कैप पर किया कब्जा; देखें 2008 से 2025 तक की पूरी लिस्ट
आईपीएल 2026 (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के नए सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. इस बार भी टूर्नामेंट में 10 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी. चुनावी कार्यक्रमों को देखते हुए बीसीसीआई पहले चरण में सिर्फ शुरुआती 20 दिनों का शेड्यूल जारी कर सकता है. माना जा रहा है कि टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद (Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad) के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरेगी. यह भी पढ़ें: MS Dhoni Jersey Number Change: एमएस धोनी जर्सी नंबर बदलाव. क्या चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान नंबर 7 छोड़कर पहनेंगे नंबर 8?

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है, जिसका हर क्रिकेट फैन को बेसब्री से इंतजार है. इस बीच सीजन शुरू होने से पहले आइए आपको आईपीएल के एक बेहद दिलचस्प रिकॉर्ड के बारे में बताते हैं. दरअसल, आईपीएल में हर साल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप से सम्मानित किया जाता है. साल 2008 से लेकर 2025 तक कई दिग्गज गेंदबाज इस खास अवॉर्ड को अपने नाम कर चुके हैं. खास बात यह है कि इस लिस्ट में तीन ऐसे गेंदबाज भी शामिल हैं, जिन्होंने दो-दो बार पर्पल कैप जीती है.

सोहेल तनवीर (RR): आईपीएल 2008 में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए पर्पल कैप अपने नाम की थी. उन्होंने उस सीजन 11 मुकाबलों में 12.09 की शानदार औसत से 22 विकेट चटकाए थे और टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.

आरपी सिंह (DC): आईपीएल 2009 में भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने 16 मैचों में 18.13 की औसत से 23 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती और अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया.

प्रज्ञान ओझा (DC): आईपीएल 2010 में स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने डेक्कन चार्जर्स के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 मैचों में 20.42 की औसत से 21 विकेट हासिल किए. उनकी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत उन्होंने इस सीजन की पर्पल कैप अपने नाम की.

लसिथ मलिंगा (MI): आईपीएल 2011 में श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने मुंबई इंडियंस के लिए घातक गेंदबाजी की. मलिंगा ने 16 मुकाबलों में 13.39 की औसत से 28 विकेट झटके और अपनी यॉर्कर गेंदों से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया.

मोर्ने मोर्कल (DD): आईपीएल 2012 में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 16 मैचों में 18.12 की औसत से 25 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती.

ड्वेन ब्रावो (CSK): आईपीएल 2013 में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए कमाल की गेंदबाजी की. ब्रावो ने 18 मुकाबलों में 15.53 की औसत से 32 विकेट चटकाए और उस समय का रिकॉर्ड भी बनाया.

मोहित शर्मा (CSK): आईपीएल 2014 में भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 16 मैचों में 19.65 की औसत से 23 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की.

ड्वेन ब्रावो (CSK): आईपीएल 2015 में ड्वेन ब्रावो ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाया. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 17 मैचों में 16.38 की औसत से 26 विकेट लेकर दूसरी बार पर्पल कैप जीती.

भुवनेश्वर कुमार (SRH): आईपीएल 2016 में भारतीय स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने 17 मुकाबलों में 21.30 की औसत से 23 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती.

भुवनेश्वर कुमार (SRH): आईपीएल 2017 में भुवनेश्वर कुमार ने लगातार दूसरी बार यह कारनामा किया. उन्होंने 14 मैचों में 14 विकेट लिए और बैक टू बैक पर्पल कैप जीतने वाले पहले गेंदबाज बने.

एंड्रयू टाई (PBKS): आईपीएल 2018 में ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू टाई ने किंग्स इलेवन पंजाब के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 मैचों में 24 विकेट चटकाए और पर्पल कैप अपने नाम की.

इमरान ताहिर (CSK): आईपीएल 2019 में दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए 17 मैचों में 26 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती.

कगीसो रबाडा (DC): आईपीएल 2020 में कगीसो रबाडा ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 17 मुकाबलों में 18.26 की औसत से 30 विकेट लेकर इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए.

हर्षल पटेल (RCB): आईपीएल 2021 में हर्षल पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 15 मैचों में 14.34 की औसत से 32 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की और रिकॉर्ड की बराबरी की.

युजवेंद्र चहल (RR): आईपीएल 2022 में भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 17 मैचों में 27 विकेट हासिल किए और पहली बार पर्पल कैप जीती.

मोहम्मद शमी (GT): आईपीएल 2023 में मोहम्मद शमी ने गुजरात टाइटंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 17 मुकाबलों में 18.64 की औसत से 28 विकेट लेकर अपने करियर की पहली पर्पल कैप जीती.

हर्षल पटेल (PBKS): आईपीएल 2024 में हर्षल पटेल ने पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए एक बार फिर शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 14 मैचों में 24 विकेट लेकर दूसरी बार पर्पल कैप अपने नाम की.

प्रसिद्ध कृष्णा (GT): आईपीएल 2025 के सीजन में प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन तेज गेंदबाजी करते हुए सबसे ज़्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की. कृष्णा ने सीजन में 15 मुकाबले खेले, जिसमें 19.52 के औसत से 25 विकेट चटकाए. इस दौरान उन्होंने एक फोर विकेट हॉल लिया.

यहां टेबल के जरिए देखें पूरी लिस्ट

वर्ष खिलाड़ी टीम विकेट
2008 सोहेल तनवीर राजस्थान रॉयल्स 22
2009 आरपी सिंह डेक्कन चार्जर्स 23
2010 प्रज्ञान ओझा डेक्कन चार्जर्स 21
2011 लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस 28
2012 मॉर्ने मोर्केल दिल्ली डेयरडेविल्स 25
2013 ड्वेन ब्रावो चेन्नई सुपर किंग्स 32
2014 मोहित शर्मा चेन्नई सुपर किंग्स 23
2015 ड्वेन ब्रावो चेन्नई सुपर किंग्स 26
2016 भुवनेश्वर कुमार सनराइजर्स हैदराबाद 23
2017 भुवनेश्वर कुमार सनराइजर्स हैदराबाद 26
2018 एंड्रयू टाई किंग्स इलेवन पंजाब 24
2019 इमरान ताहिर चेन्नई सुपर किंग्स 26
2020 कगिसो रबाडा दिल्ली कैपिटल्स 30
2021 हर्षल पटेल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 32
2022 युजवेंद्र चहल राजस्थान रॉयल्स 27
2023 मोहम्मद शमी गुजरात टाइटन्स 28
2024 हर्षल पटेल पंजाब किंग्स 24
2025 प्रसिद्ध कृष्णा गुजरात टाइटन्स 25

आईपीएल के इतिहास में ड्वेन ब्रावो, भुवनेश्वर कुमार और हर्षल पटेल ऐसे गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने दो-दो बार पर्पल कैप जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई है. अब आईपीएल 2026 में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा गेंदबाज इस प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम करता है.