जरुरी जानकारी | ब्राजील से उड़द के आयात की संभावना तलाश रहा है भारत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए हम ब्राजील के साथ उड़द आयात के लिए बातचीत कर रहे हैं।
नयी दिल्ली, 23 मई उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए हम ब्राजील के साथ उड़द आयात के लिए बातचीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मांग-आपूर्ति के अंतर के आधार पर भारत सालाना 7-7.5 लाख टन उड़द का आयात करता है, जिसमें से 74 प्रतिशत म्यामां से आता है।
सचिव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ब्राजील में कृषि-जलवायु की स्थिति उड़द के उत्पादन के लिए उपयुक्त है। हम गंभीरता से ब्राजील से उड़द के आयात की संभावना तलाश रहे हैं। बातचीत अपने उन्नत चरण में है।’’
उन्होंने कहा कि मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अब तक म्यामां से करीब दो लाख टन उड़द का आयात किया जा चुका है।
म्यामां पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भारत उड़द के नये स्रोत के लिए अन्य गंतव्यों की खोज कर रहा है।
हाल ही में उपभोक्ता मामलों के विभाग ने म्यामां के दालों के निर्यातकों को जिंस की जमाखोरी के खिलाफ चेतावनी दी थी क्योंकि इससे घरेलू आपूर्ति प्रभावित होती है।
कृषि मंत्रालय ने वर्ष 2022-23 (जुलाई-जून) के लिए उड़द उत्पादन 26.8 लाख टन रहने का अनुमान लगाया है, जो पिछले साल के 27.7 लाख टन से कम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)