जरुरी जानकारी | प्रौद्योगिकी मामले में भारत इस समय रोमांचक दौर में: राजीव चन्द्रशेखर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि भारत प्रौद्योगिकी क्षेत्र में इस समय ऐतिहासिक रूप से रोमांचक दौर में है।
चेन्नई, सात जुलाई इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि भारत प्रौद्योगिकी क्षेत्र में इस समय ऐतिहासिक रूप से रोमांचक दौर में है।
शुक्रवार को यहां उद्योग संगठन सदर्न इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसआईसीसीआई) की 113वीं वार्षिक आम बैठक में चन्द्रशेखर ने कहा, “देश ने पिछले नौ वर्षों में विशेष रूप से प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष के संबंध में क्षमताओं और भरोसे का विकास किया है।”
कार्यक्रम में ‘2023 में उभरते तकनीकी रुझान’ पर पुस्तिका जारी करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में हाइड्रोकार्बन और ऊर्जा के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स दूसरी सबसे ज्यादा कारोबार की वस्तु है लेकिन भारत को 2014 से पहले इसमें स्थान नहीं मिला था।
चन्द्रशेखर ने कहा, “मैं दो बयानों की ओर ध्यान दिलाना चाहूंगा। एक गूगल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और चेन्नई के बेटे सुंदर पिचाई का है। उन्होंने इस संबंध में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा प्रौद्योगिकी की शक्ति का अनुमान लगाना और 2015 में डिजिटल इंडिया पेश करना दूरदर्शी निर्णय था।”
उन्होंने कहा, “दूसरा बयान एप्पल के सीईओ टिम कुक का है, जब उन्होंने मुझसे और प्रधानमंत्री मोदी जी से मुलाकात की। उन्होंने इस बारे में बात की कि भारत में कैसे निवेश ने इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में विनिर्माण के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। इस कारण एप्पल यहां अपना परिचालन शुरू कर सकी।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश ने पिछले नौ साल में प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण रास्ता तय किया है।
उन्होंने कहा, “तीन दशकों से अधिक समय से तकनीकी पेशेवर होने के नाते, मैं यह कह सकता हूं कि हम भारत के इतिहास के सबसे रोमांचक दौर में हैं।”
चन्द्रशेखर ने कहा, “कड़ी मेहनत के बाद, हम उस जगह पहुंच गए हैं जहां हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हैं। हमने पिछले नौ वर्षों में नवोन्मेष और प्रौद्योगिकी में क्षमता और भरोसा विकसित किया है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)