देश की खबरें | भारत एक ‘गौ माता’ देश है : असम के मुख्यमंत्री हिमंत ने द्रमुक सांसद की टिप्पणी पर कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि भारत एक ‘‘गौ माता’’ देश है और इस बारे में कोई विवाद नहीं है।
गुवाहाटी, छह दिसंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि भारत एक ‘‘गौ माता’’ देश है और इस बारे में कोई विवाद नहीं है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने मंगलवार को संसद में द्रमुक सांसद डी.एन.वी. सेंथिल कुमार की विवादास्पद टिप्पणी के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए यह कहा।
द्रमुक सांसद ने सत्तारूढ़ भाजपा पर प्रहार करते हुए हिंदी भाषी राज्यों का जिक्र करने के लिए अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी की भाजपा के साथ-साथ द्रमुक की सहयोगी कांग्रेस ने तत्काल निंदा की और सांसद ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी।
इसके बाद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा दिया था।
शर्मा ने कहा, ‘‘उनसे (कुमार से) मेरा एकमात्र अनुरोध यह है कि भविष्य में यह कहें कि यह ‘गौ माता’ देश है, न कि ‘गोमूत्र’ देश। इसमें समस्या क्या है? खुद को ‘गौ माता’ देश कहना गर्व की बात है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इससे बेहतर क्या हो सकता है कि कोई इसे (देश को) गौ माता प्रदेश कहे? हम एक गौ माता देश हैं, इसमें कोई विवाद नहीं है... इसे ‘गोमूत्र’ प्रदेश कहना अपमानजनक है... उन्हें (कुमार को) ‘गौ माता’ प्रदेश कहना चाहिए था।’’
सेंथिल कुमार की माफी के संदर्भ में असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने (भाजपा) हालिया चुनावों में जीत हासिल की है इसलिए हमें काफी शालीन होना चाहिए। हमें भविष्य में भी जीतना है।’’
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘हमें अगले तीन महीनों में समाज और देश के लिए काम करना है ताकि (नरेन्द्र) मोदी जी 350-400 लोकसभा सीटों के साथ प्रधानमंत्री बनें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)