वडोदरा, 10 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रमुख देशों में भारत की मुद्रास्फीति दर सबसे कम है।
उन्होंने कहा कि जो लोग खाद्य पदार्थों की कीमतों के बारे में बात कर रहे हैं वे ज्यादा पढ़ते-लिखते नहीं हैं या फिर उन्हें मुद्दे की जानकारी नहीं है।
वह वडोदरा शहर में 'कार्यकर्ता संवाद' में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “यह स्वाभाविक है कि लोग महंगाई के बारे में बात करेंगे। लेकिन, कुछ कारकों को भी ध्यान में रखें, जैसे कि कोरोना वायरस के कारण अर्थव्यवस्था पर प्रभाव, मंदी और यूक्रेन युद्ध के कारण आपूर्ति शृंखला से संबंधित चुनौतियां।”
नड्डा ने कहा, “क्या अमेरिका जैसे देश संकट में नहीं हैं? इसके बावजूद, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और मॉर्गन स्टेनली कह रहे हैं कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत का एक उज्ज्वल स्थान है।”
नड्डा ने कार्यकर्ताओं को अपनी बात समझाने के लिए इस विषय पर कुछ आंकड़े भी साझा किए।
उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी 8.7 फीसदी की दर से बढ़ रही है, जो ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी और दक्षिण कोरिया जैसे देशों से काफी अधिक है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अमेरिका में मुद्रास्फीति की दर 4.9 प्रतिशत है, जबकि फ्रांस में यह 5.1 प्रतिशत, यूरोप में 6.1 प्रतिशत, ऑस्ट्रेलिया में 7 प्रतिशत और ब्रिटेन में 8.7 प्रतिशत है।
नड्डा ने कहा, “भारत 4.25 प्रतिशत मुद्रास्फीति दर के साथ सबसे निचले पायदान पर है। जो लोग खाद्य वस्तुओं के बारे में बात करते हैं, वे ज्यादा पढ़ते या लिखते नहीं हैं। उनके पास ज्यादा जानकारी नहीं है। हम इन वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के बारे में भी संवेदनशील हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं आपको बताना चाहता हूं कि अमेरिका में खाद्य मुद्रास्फीति 6.7 प्रतिशत, फ्रांस में 14.3 प्रतिशत, जर्मनी में 14.5 प्रतिशत, यूरोपीय संघ में 16.41 प्रतिशत, स्वीडन में 16.8 प्रतिशत, ब्रिटेन में 19 प्रतिशत और पाकिस्तान में 48.65 प्रतिशत है, जबकि भारत में यह 2.9 प्रतिशत है। हमें इसे समझने की जरूरत है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY