खेल की खबरें | भारत को नौकायन में दो कांस्य पदक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत ने सोमवार को यहां एशियाई खेलों की नौकायन की पुरुष फोर स्पर्धा में कांस्य पदक के बाद पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स में भी कांस्य पदक जीता।

हांगझोउ, 25 सितंबर भारत ने सोमवार को यहां एशियाई खेलों की नौकायन की पुरुष फोर स्पर्धा में कांस्य पदक के बाद पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स में भी कांस्य पदक जीता।

दिन की शुरुआत जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत कुमार और आशीष गोलियान की टीम ने पुरुष फोर स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ की जिसके बाद सतनाम सिंह, परमिंदर सिंह, जाकर खान और सुखमीत सिंह ने पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स में कांस्य पदक अपने नाम किया।

क्वाड्रपल स्कल्स में भारतीय टीम ने छह मिनट 8.61 सेकेंड का समय लिया। चीन (6:02.65) को स्वर्ण जबकि उज्बेकिस्तान (6:04.64) को रजत पदक मिला। भारतीय टीम शुरुआत में चौथे स्थान पर थी लेकिन 2000 मीटर की रेस के अंतिम 500 मीटर में वापसी के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीता।

पुरुष फोर स्पर्धा में भी भारतीय चौकड़ी 2000 मीटर के अंतिम 500 मीटर से पहले चौथे स्थान पर चल रही थी लेकिन शानदार वापसी करते हुए छह मिनट 10.81 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही। चीन (6:10.04) ने बेहद मामूली अंतर से भारतीय टीम को पछाड़कर रजत पदक जीता।

स्वर्ण पदक उज्बेकिस्तान की टीम के नाम रहा जिसने छह मिनट 4.96 सेकेंड का समय लिया।

भारत के बलराज पंवार हालांकि पुरुष एकल स्कल्स में चौथे स्थान पर रहते हुए एशियाई खेलों में अपना पहला पदक जीतने से चूक गए।

करनाल के 24 साल के बलराज 1500 मीटर तक शीर्ष तीन में शामिल थे लेकिन अंतिम 500 मीटर में चौथे स्थान पर पिछड़ गए। उन्होंने सात मिनट 8.79 सेकेंड का समय लिया।

हांगकांग के हिन चुन च्यु (7:00.55) ने बलराज को पछाड़कर कांस्य पदक जीता।

चीन के लियांग झेंग (6:57.06) ने स्वर्ण जबकि जापान के रयुता अराकावा (6:59.79) ने रजत पदक अपने नाम किया।

भारत नौकायन में अब तक दो रजत और पांच कांस्य पदक जीत चुका है।

भारत ने रविवार को दो रजत और एक कांस्य पदक जीता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\