देश की खबरें | स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाना जरूरी : नायडू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाये जाने की आवश्यकता पर रविवार को बल दिया।
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाये जाने की आवश्यकता पर रविवार को बल दिया।
भारत में स्वास्थ्य सेवा की जरूरतें पूरी करने को एक व्यापक लक्ष्य बताते हुए उन्होंने निजी क्षेत्र से सरकारी प्रयासों में सहयोग करने तथा चिकित्सा पेशे और संबद्ध गतिविधियों को एक मिशन के रूप में लेने का आह्वान किया।
नायडू ने यहां एक निजी स्वास्थ्य सेवा केंद्र का उद्घाटन करते हुए भारत में गैर-संचारी रोगों के बढ़ने की चिंताजनक प्रवृत्ति को रेखांकित किया।
उपराष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नायडू ने निजी क्षेत्र के चिकित्सा समुदाय से लोगों, विशेष रूप से युवाओं की शारीरिक गतिविधि रहित जीवनशैली और अस्वास्थ्यकर आहार की आदतों से उत्पन्न खतरों के बारे में जागरूकता पैदा करने का आग्रह किया।
उन्होंने लोगों से शारीरिक गतिविधि रहित जीवनशैली त्यागने और स्वस्थ जीवन जीने का तरीका अपनाने की भी अपील की।
उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी और तेजी से बदलती जलवायु ने हमें अपनी आदतों और जीने के तरीके के बारे में बहुत कुछ सिखाया है।’’
उन्होंने प्रकृति के बीच अधिक समय बिताने और अधिक सतत जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)