..वर्ष 2022 में, ललित झा, 26 वर्षीय सागर शर्मा और 34 वर्षीय मनोरंजन डी, मैसूरु में मिले, जहां उन्होंने देश का ध्यान आकर्षित करने के लिए संसद में घुसने की साजिश रची। बाद में नीलम और अमोल इस साजिश में शामिल हो गये।
..चार साल तक सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के संपर्क में रहने के बाद ये पांचों फेसबुक पर भगत सिंह फैन पेज से जुड़े।
..कथित मुख्य साजिशकर्ता ललित झा के निर्देश पर मनोरंजन ने इस साल जुलाई में मानसून सत्र के दौरान संसद भवन की रेकी की और इस बात पर गौर किया कि आगंतुकों के जूतों की जांच नहीं की जा रही।
..ये पांचों रविवार को गुरुग्राम निवासी विशाल शर्मा के घर पर एकत्र हुए और मंगलवार तक वहीं रहे।
..बुधवार सुबह पांचों संसद भवन के लिए रवाना हुए। मनोरंजन ने मैसूर-कोडागु के सांसद प्रताप सिम्हा के जरिये दर्शक दीघा के पास हासिल किये।
..सागर और मनोरंजन नये संसद भवन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचे। अपराह्न लगभग एक बजे सागर दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गया। मनोरंजन ने भी कूदने की कोशिश की और उसे दर्शक दीर्घा की रेलिंग से लटकते हुए देखा गया।
..उन्होंने अपने जूतों में छिपाकर रखे गए ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया। सदन में सांसदों ने उन्हें पकड़कर उनकी पिटाई की और सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया।
..लगभग उसी समय संसद भवन के बाहर नीलम और अमोल ने ‘केन’ से पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ा और नारे लगाए। उनके साथ मौजूद ललित ने एक वीडियो शूट किया जिसे बाद में इंस्टाग्राम पर साझा किया गया।
..नीलम और अमोल को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया, जबकि ललित उन्हें चकमा देने में कामयाब रहा।
.. सागर, मनोरंजन, नीलम और अमोल को संसद मार्ग थाने ले जाया गया जहां जांचकर्ताओं ने उनसे पूछताछ की। दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ जांच में शामिल हुआ।
..विशाल और उसकी पत्नी को भी पुलिस ने गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया।
..सागर, मनोरंजन, नीलम और अमोल को दिल्ली पुलिस ने कई घंटे तक पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इन सभी के खिलाफ आतंकवाद रोधी कानून गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
..आतंकवाद रोधी इकाई का विशेष प्रकोष्ठ सुरक्षा चूक की जांच कर रहा है और फरार ललित को पकड़ने का प्रयास कर रहा है। चारों को शहर की एक अदालत में पेश किया जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY