नयी दिल्ली, 29 अप्रैल राष्ट्रीय राजधानी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को लेकर आयोजित सम्मेलन में शिरकत के दौरान उत्तर प्रदेश के स्वयं सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी को प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया।
पूनम (24) बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किए गए लोगों में शामिल थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की एक कड़ी में लखीमपुरी खीरी के समाइसा गांव की पूनम के काम का जिक्र किया था।
बुधवार दोपहर पूनम को विज्ञान भवन में सम्मेलन के दौरान प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
पूनम के पति प्रमोद कुमार ने कहा, ‘‘सामान्य प्रसव हुआ। शाम 6:42 बजे बच्चे का जन्म हुआ। दिल्ली में अपने बच्चे का जन्म होना हमारे लिए एक भावनात्मक क्षण था। हमने उसका नाम आदित्य रखने का फैसला किया है।’’
कुमार ने कहा कि वह अपनी पत्नी के गर्भावस्था के अंतिम दिनों में होने के कारण सम्मेलन के लिए राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा करने के विचार के खिलाफ थे। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन वह सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिद कर रही थीं क्योंकि यह गांव के स्वयं सहायता समूह में उनके काम को मान्यता देती है।’’
कुमार खेती खरते हैं। वह अपनी पत्नी और नवजात शिशु के साथ अपने गांव लौट गए हैं। पूनम लखीमपुर खीरी के समाइसा गांव में एक स्वयं सहायता समूह, मां सरस्वती प्रेरणा ग्राम संगठन की प्रमुख हैं।
स्वयं सहायता समूह केले के तने से फाइबर का उपयोग करके हैंडबैग, चटाई और अन्य वस्तुएं बनाता है। इसके जरिये न केवल गांव की महिलाओं को अतिरिक्त आय होती है बल्कि वे अपशिष्ट को घटाने में भी मदद करती हैं।
पूनम, आमंत्रित किए गये उन 100 अतिथियों में शामिल थीं, जिनके असाधारण योगदान के लिए उनके नाम का उल्लेख प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की पिछली कड़ियों में किया था। ‘मन की बात’ की 100 वीं कड़ी का जश्न मनाने के लिए इस एक दिवसीय सम्मेलन का विज्ञान भवन में आयोजन किया गया था।
इस सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल थे। ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY