देश की खबरें | बारिश से बेहाल अंबाला और पटियाला में लोगों ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हाथ बढ़ाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के अंबाला और पड़ोसी राज्य पंजाब के पटियाला जिले में मूसलाधार बारिश ने तीन दिन तक कहर बरपाया, लेकिन यह स्थानीय लोगों के साहस को तोड़ नहीं पाई जिन्होंने जलभराव में फंसे अपने पड़ोसियों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाते हुए उन्हें भोजन, पानी की बोतलें और दवाएं उपलब्ध कराईं।
अंबाला/पटियाला, 11 जुलाई हरियाणा के अंबाला और पड़ोसी राज्य पंजाब के पटियाला जिले में मूसलाधार बारिश ने तीन दिन तक कहर बरपाया, लेकिन यह स्थानीय लोगों के साहस को तोड़ नहीं पाई जिन्होंने जलभराव में फंसे अपने पड़ोसियों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाते हुए उन्हें भोजन, पानी की बोतलें और दवाएं उपलब्ध कराईं।
कई प्रभावित जिलों में लोगों ने बचाव और राहत अभियानों में एनडीआरएफ, पुलिस और सेना का हाथ बंटाया। अंबाला शहर के निवासी दीपक मदान ने मोहन नगर रिहायशी कॉलोनी में भोजन के पैकेट और कपड़े बांटे।
उन्होंने कहा, “एक नागरिक के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम इस गंभीर संकट के दौरान अपना योगदान दें।”
एनजीओ चलाने वाले राजेश खोसला प्रभावित लोगों के लिए भोजन के पैकेट, पानी की बोतलें और फल लेकर अंबाला जिले में प्रभावित क्षेत्रों में जा रहे हैं।
भारी वर्षा के कारण नदियां उफान पर हैं और प्रमुख नहरें टूट गई हैं। सड़कों, आवासीय कॉलोनियों के साथ-साथ कृषि क्षेत्रों में भी पानी भर गया है। दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में जैसे ही पानी लोगों के घरों में घुसा, अधिकारी प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने में जुट गए।
पंजाब और हरियाणा के कुछ सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों की समस्याएं बढ़ गईं।
पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज क्षेत्र में, निवासियों ने हर संभव तरीके से एक-दूसरे की मदद की। एक युवक ने एनडीआरएफ की नाव पर सवार होकर हाथों में पानी की बोतलें लेकर प्रभावित लोगों तक पहुंचा।
उन्होंने कहा कि पानी की बोतलें पटियाला के प्रभावित हिस्सों के लोगों के लिए थीं। कुछ प्रभावित क्षेत्रों में स्वयंसेवकों को आवश्यक सामान ले जाने वाले ट्रैक्टरों का उपयोग करते देखा जा सकता है।
पंजाब के रूपनगर जिले में कई लोगों ने प्रशासन का हाथ बंटाते हुए जरूरतमंद लोगों की मदद की।
जिले में प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचा रहे परमिंदर सिंह ने कहा, ‘‘यह पंजाबियों की अदम्य भावना है कि जब भी कोई संकट उनके सामने आता है तो वे इस मौके पर खड़े होकर एक-दूसरे की मदद करते हैं।"
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को अंबाला छावनी में टांगरी नदी के करीब कुछ प्रभावित आवासीय कॉलोनियों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के लिए हर संभव व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
दोनों राज्यों की सरकारों ने प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। रूपनगर, पटियाला, मोहाली, अंबाला और पंचकूला सहित दोनों राज्यों के प्रभावित जिलों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)