देश की खबरें | मेंगलुरु में युवती ने ऑटो चालक पर नशीला पेय पिलाकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया

मंगलुरु (कर्नाटक), 17 अप्रैल पश्चिम बंगाल की एक युवती ने आरोप लगाया है कि 16 अप्रैल को मंगलुरु पहुंचने पर एक ऑटो चालक ने उसे नशीला पेय पिलाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि केरल में एक फैक्टरी में काम करने वाली युवती अपने एक पुरुष परिचित के साथ ट्रेन से शहर आई थी। परिचित से विवाद के बाद वह ऑटो-रिक्शा लेकर चली गई।

बुधवार को पुलिस को दिए अपने बयान में युवती ने कहा कि ऑटो चालक ने उसके क्षतिग्रस्त फोन की मरम्मत में मदद की और उसे खाना भी दिया। बाद में ऑटो चालक ने कथित तौर पर उसे नशीला पेय पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई।

पुलिस के मुताबिक, बाद में युवती ने खुद को ऑटो चालक सहित तीन लोगों के साथ एक कार में पाया और कथित तौर पर उसके शोर मचाने पर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया।

पुलिस ने बताया कि वह पास के एक घर में गई, जहां के निवासियों ने पुलिस से संपर्क किया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। होश में आने के बाद, उसने पुलिस को बताया कि उसे उस दौरान यौन उत्पीड़न का संदेह है जब वह बेहोश थी।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत उल्लाल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें मारपीट और यौन अपराध से संबंधित आरोप शामिल हैं।

पुलिस ने तीन संदिग्धों - प्रभुराज (38), मिथुन (37), और मनीष (30) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस ने कहा कि घटना की जांच के लिए कई टीम तैनात की गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)