देश की खबरें | इंदौर में भीड़ ने युवक को युवती के साथ "अनैतिक कार्य" के संदेह में सरेआम अर्धनग्न करके पीटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर में अपने दोस्त के साथ युवती से मिलने आए 21 वर्षीय युवक को भीड़ ने एक युवती के साथ कथित तौर पर अनैतिक कार्य करने के संदेह में कड़कड़ाती ठंड में अर्धनग्न करके पीट दिया। भीड़ में युवती के परिजन भी शामिल थे।

इंदौर (मध्यप्रदेश), छह दिसंबर इंदौर में अपने दोस्त के साथ युवती से मिलने आए 21 वर्षीय युवक को भीड़ ने एक युवती के साथ कथित तौर पर अनैतिक कार्य करने के संदेह में कड़कड़ाती ठंड में अर्धनग्न करके पीट दिया। भीड़ में युवती के परिजन भी शामिल थे।

शहर के एक व्यस्त चौराहे पर मंगलवार रात हुई इस घटना को कुछ लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।

घटना के कथित वीडियो में भीड़ में शामिल लोगों को युवक से कहते सुना जा सकता है कि वह अन्य युवक के साथ युवती के संग एक नाले के किनारे क्या कर रहा था?

इस पर युवक ने अपने दोनों कान पकड़ कर जवाब दिया कि वह अपने दोस्त के साथ आया था और युवती से उसका कोई लेना-देना नहीं है। चश्मदीदों के मुताबिक युवक का दोस्त भीड़ जुटती देख कर मौके से फरार हो गया था।

अन्नपूर्णा थाना प्रभारी संजू कामले ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा 21 वर्षीय व्यक्ति एक अन्य युवक के साथ युवती से मिलने आया था। उन्होंने बताया कि युवती के परिजनों ने तीनों को "संदिग्ध हालत में" पकड़ लिया था और विवाद शुरू कर दिया था। कामले ने बताया कि विवाद होता देख मौके पर भीड़ जुट गई थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 (संज्ञेय अपराध घटित होने से रोकने के लिये की जाने वाली एहतियाती गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार किया गया और घटना की विस्तृत जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\