ताजा खबरें | हरियाणा में कांग्रेस पांच और भाजपा चार सीट पर आगे
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से कांग्रेस पांच पर आगे है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार पर और आम आदमी पार्टी (आप) एक सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, चार जून हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से कांग्रेस पांच पर आगे है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार पर और आम आदमी पार्टी (आप) एक सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
सुबह 10 बजे जारी किए गए निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस की दिग्गज नेता कुमारी शैलजा ने सिरसा सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर पर 35,084 वोटों की अच्छी बढ़त हासिल कर ली है।
रोहतक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के मौजूदा सांसद अरविंद शर्मा से 32,252 मतों से आगे हैं।
कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी भाजपा के मौजूदा सांसद मोहन लाल बडोली से 3,216 मतों से आगे हैं।
इसी प्रकार गुरुग्राम में कांग्रेस के राज बब्बर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह से 28,487 वोटों से आगे हैं।
अंबाला निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के वरुण चौधरी भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया से 22,907 वोटों से आगे हैं।
करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी दिव्यांशु बुद्धिराजा से 10,766 मतों से आगे हैं।
फरीदाबाद से मौजूदा सांसद केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह से 8,238 मतों से आगे हैं।
हिसार में भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला कांग्रेस के जय प्रकाश से 4,787 मतों से आगे हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ में भाजपा के मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी राव दान सिंह से 7,902 मतों से आगे हैं।
कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी नवीन जिंदल से 2,692 मतों के मामूली अंतर से आगे हैं।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला भी मैदान में थे लेकिन पीछे चल रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के तरलोचन सिंह से 13,668 मतों से आगे हैं।
करनाल विधानसभा सीट पर पिछले महीने उपचुनाव हुआ था।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी थी।
मार्च में भाजपा के साथ गठबंधन समाप्त होने के बाद सभी 10 सीटों पर उम्मीदवार उतारने वाली जननायक जनता पार्टी (जजपा) भी पीछे बनी हुई है।
सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार कांग्रेस ने नौ सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि उसकी सहयोगी पार्टी ‘आप’ कुरुक्षेत्र सीट पर मैदान में है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)