विदेश की खबरें | इमरान खान ने आईएमएफ से पाकिस्तान में निर्धारित समय पर आम चुनाव की ‘गारंटी’ मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से यह “गारंटी” मांगी है कि देश में आम चुनाव निर्धारित समय पर होंगे।
इस्लामाबाद, नौ जुलाई पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से यह “गारंटी” मांगी है कि देश में आम चुनाव निर्धारित समय पर होंगे।
पाकिस्तान के लिए ‘स्टैंडबाय अरेंजमेंट’ (एसबीए) की समीक्षा और संभवतः इस समर्थन देने के लिए आईएमएफ कार्यकारी बोर्ड की बैठक होनी है।
इस बैठक से कुछ दिन पहले संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में घोषित तीन अरब अमेरिकी डॉलर के राहत पैकेज से संबंधित प्रमुख उद्देश्यों व नीतियों के लिए आश्वासन व समर्थन मांगने के लिए शुक्रवार को लाहौर में खान से मुलाकात की।
पाकिस्तान और आईएमएफ के बीच महीनों की लंबी बातचीत के बाद 29 जून को देश को तीन अरब अमेरिकी डॉलर का राहत पैकेज देने को लेकर समझौता हुआ। पाकिस्तान को दिए जाने वाले कर्ज की समीक्षा के लिए आईएमएफ का कार्यकारी बोर्ड 12 जुलाई को बैठक करेगा।
‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि खान ने आईएमएफ से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अक्टूबर में होने वाले आम चुनाव निर्धारित समय पर हों।
खान के हवाले से कहा गया है, “ क्या आप (आईएमएफ) गारंटी दे सकते हैं कि देश में चुनाव समय पर होंगे।”
सूत्रों के अनुसार आईएमएफ प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका संगठन देश की स्थिति पर कड़ी नजर रखता है, लेकिन ‘हम आंतरिक राजनीतिक मामलों में बहुत अधिक हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं।’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)