देश की खबरें | राजस्थान के सात जिलों में 92.68 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध सामग्री जब्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान की विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों ने अब तक 92.68 करोड़ रुपये की नकदी एवं अवैध शराब सहित अन्य सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जयपुर, आठ नवंबर राजस्थान की विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों ने अब तक 92.68 करोड़ रुपये की नकदी एवं अवैध शराब सहित अन्य सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 15 अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव प्रक्रिया को धन-बल के प्रभाव से मुक्त रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा गठित उड़न दस्ते (एफएस), स्थैतिक निगरानी टीमें (एसएसटी) एवं पुलिस आदि एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए राज्य पुलिस और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों में से सर्वाधिक 76.07 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती राजस्थान पुलिस ने की है। उन्होंने बताया कि सभी एजेंसियों ने सात जिलों में कुल मिलाकर 4.22 करोड़ रुपये नकद राशि जब्त की है।
इस दौरान एजेंसियों के बीच परस्पर समन्वय से 5.52 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब और 42 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। लगभग 1.2 करोड़ रुपये मूल्य की सोना-चांदी आदि कीमती धातुएं भी जब्त की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य की सात विधानसभा सीटों- झुंझुनू, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और 23 नवंबर को इसके नतीजे घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)