देश की खबरें | आईएएस अधिकारी मनोज आहूजा को ओडिशा का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया

भुवनेश्वर, 28 जून वर्ष 1990 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज आहूजा को ओडिशा का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने प्रदीप कुमार जेना की जगह ली है, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है।

सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर मनोज आहूजा की नियुक्ति की पुष्टि की। उन्हें मंगलवार को केंद्र से उनके मूल कैडर ओडिशा वापस भेजा गया था।

केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी समिति ने ओडिशा सरकार के अनुरोध पर 25 जून को उनकी मूल कैडर में वापसी को मंजूरी दी थी।

मनोज आहूजा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। वह एक अप्रैल, 2022 से केंद्र सरकार के कृषि और कृषक कल्याण विभाग में सचिव के पद पर थे।

उससे पहले वह उसी विभाग में विशेष कार्याधिकारी, सीबीएसई के अध्यक्ष, मसूरी के ‘लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी’ के विशेष निदेशक रहे थे।

सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग की अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘आईएएस मनोज आहूजा को भारत सरकार द्वारा उनके मूल कैडर में भेजे जाने के बाद उन्हें ओडिशा का मुख्य सचिव तथा सरकार, सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग का सचिव नियुक्त किया जाता है। उनकी नियुक्ति 30 जून को प्रदीप कुमार जेना की सेवानिवृति के बाद से प्रभावी होगी।’’

इस पद पर नियुक्त किये गये मनोज आहूजा के पास काफी अनुभव है। वह पहले उपजिलाधिकारी तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, इस्पात एवं खान विभाग, खेल एवं युवा सेवा विभाग एवं सहकारिता विभाग जैसे कई अहम विभागों के सचिव समेत ओडिशा सरकार में विभिन्न पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं।

मनोज आहूजा ने मेकैनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल करने के साथ ही एमबीए भी कर रखा है। उनकी पत्नी आरती आहूजा भी ओडिशा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।

ओडिशा की पिछली बीजद सरकार ने मुख्य सचिव जेना का कार्यकाल छह महीने यानी 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया था। जेना 31 दिसंबर 2023 को सेवानिवृत होने वाले थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)