खेल की खबरें | चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए मानसिक रूप से तैयार था: जडेजा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. टीम प्रबंधन का रविंद्र जडेजा को बल्लेबाजी क्रम में चौथे नंबर पर भेजना ‘मास्टरस्ट्रोक’ साबित हुआ और पाकिस्तान पर रोमांचक करीबी मुकाबले में जीत के दौरान 29 गेंद में 35 रन बनाने वाले इस आलराउंडर ने मंगलवार को कहा कि वह इस चुनौती के लिए ‘मानसिक रूप से तैयार’ थे।

दुबई, 30 अगस्त टीम प्रबंधन का रविंद्र जडेजा को बल्लेबाजी क्रम में चौथे नंबर पर भेजना ‘मास्टरस्ट्रोक’ साबित हुआ और पाकिस्तान पर रोमांचक करीबी मुकाबले में जीत के दौरान 29 गेंद में 35 रन बनाने वाले इस आलराउंडर ने मंगलवार को कहा कि वह इस चुनौती के लिए ‘मानसिक रूप से तैयार’ थे।

पाकिस्तान के खिलाफ सलामी बल्लेबाजों लोकेश राहुल और कप्तान रोहित शर्मा के क्रमश: शून्य और 12 रन पर आउट होने के बाद जडेजा बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने हार्दिक पंड्या (नाबाद 33) के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करके भारत को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

जडेजा ने रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर भारत की पांच विकेट की जीत के बारे में कहा, ‘‘बेशक (मुझे पता था कि ऐसा हो सकता है) ... उनकी अंतिम एकादश को देखने के बाद मुझे पता था कि ऐसी स्थिति आ सकती है। मैं मानसिक रूप से तैयार था। सौभाग्य से मैंने टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शीर्ष सात में बाएं हाथ का अकेला बल्लेबाज था। कभी-कभी जब बाएं हाथ के स्पिनर और लेग स्पिनर गेंदबाजी कर रहे होते हैं तो बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए जोखिम लेना आसान होता है।’’

इस आलराउंडर ने कहा, ‘‘मैं जब भी क्रीज पर उतरता हूं तो बस स्थिति के अनुसार खेलता हूं। टी20 में आपके पास सोचने के लिए ज्यादा समय नहीं होता है। आपको बस मैदान पर उतरकर खुद को जाहिर करना होता है। मुझे बस बल्लेबाजी करते हुए रन बनाने होते हैं और जरूरत पड़ने पर विकेट दिलाने होते हैं।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या यह (नंबर चार पर बल्लेबाजी) भविष्य की योजना है, जडेजा ने कहा, ‘‘यह स्थिति और प्रतिद्वंद्वी गेंदबाजों पर निर्भर करता है।’’

जडेजा को शादाब खान और मोहम्मद नवाज की स्पिन जोड़ी से निपटने के लिए बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया। दोनों ने दाएं हाथ के बल्लेबाजों को परेशान किया था। जडेजा ने भारत को परेशानी से बाहर निकाला जिसने तीन रन के भीतर रोहित और विराट कोहली (35) के विकेट गंवा दिए थे। इससे टीम का स्कोर 10 ओवर के अंदर तीन विकेट पर 53 रन हो गया था।

जडेजा ने बीच के ओवरों में सूर्यकुमार यादव (18) के साथ 36 रन की साझेदारी के साथ भारत की पारी को संवारा और फिर हार्दिक के साथ 52 रन जोड़कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

यह पूछे जाने पर कि बल्लेबाजी करते समय उन्होंने और हार्दिक ने क्या बात की तो उन्होंने कहा, ‘‘भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा काफी दबाव वाला होता है। आपसे काफी उम्मीदें होती हैं। मुझे नहीं लगता कि चर्चा करने के लिए बहुत कुछ था, ऐसी चीजें टी20 प्रारूप में होती हैं। सभी ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कैच में योगदान दिया।’’

गेंदबाजी करते हुए जडेजा (दो ओवर में 11 रन देकर कोई विकेट नहीं) और युजवेंद्र चहल (चार ओवर में 32 रन देकर कोई विकेट नहीं) दोनों स्पिनरों को सफलता नहीं मिली लेकिन इस आलराउंडर ने कहा कि वे रन गति पर अंकुश लगाने में सफल रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘स्पिनरों ने भी अच्छा किया, कभी-कभी आप अच्छा करते हैं लेकिन विकेट नहीं ले पाते। टी20 प्रारूप ऐसा ही है। एक गेंदबाजी इकाई के तौर पर हमने अच्छा प्रदर्शन किया।’’

जडेजा ने कहा, ‘‘यह एक सामूहिक प्रयास था। स्पिनरों को कोई विकेट नहीं मिला लेकिन उन्होंने रन प्रवाह को रोक दिया।’’

क्वालीफायर हांगकांग के खिलाफ बुधवार को होने वाले ग्रुप मैच के बारे में पूछे जाने पर जडेजा ने कहा,‘‘हम सकारात्मक सोच के साथ हांगकांग के खिलाफ खेलने जा रहे हैं और हम उन्हें हल्के में नहीं लेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैच के दिन टी20 में कुछ भी हो सकता है। हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे और सकारात्मक होकर खेलेंगे।’’

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में जडेजा का प्रदर्शन भूलने वाला था और चर्चा थी कि उन्हें आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए चुना जाएगा या नहीं।

यह पूछे जाने पर कि वह इस तरह की अफवाहों से कैसे निपटते हैं, जडेजा ने कहा, ‘‘बीच में तो खबर आई थी कि मैं मर गया हूं! इससे बड़ी खबर तो हो ही नहीं सकती।’’

जडेजा मई में 61 वर्षीय सौराष्ट्र के पूर्व क्रिकेटर राजेंद्र जडेजा के निधन की खबर का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि मैंने कहा कि मैं ज्यादा नहीं सोचता। मुझे बस मैदान पर उतरकर प्रदर्शन करना है। मैं कड़ी मेहनत करता हूं और अपनी कमजोरियों में सुधार करता हूं, जो वास्तविक मैच स्थितियों में मदद करता है। मैं बस इतना ही करता हूं, प्रतिदिन गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा तीसरा टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\