नयी दिल्ली, 28 जनवरी हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 19 प्रतिशत घटकर 1,161 करोड़ रुपये रहा है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 1,425 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
हुंदै मोटर इंडिया ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसकी परिचालन आय घटकर 16,648 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 16,875 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि मार्जिन में गिरावट मुख्य रूप से कमजोर मांग और भू-राजनीतिक कारकों के कारण हुई।
एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक उन्सू किम ने कहा, “यद्यपि वैश्विक कारकों के कारण समग्र बाजार में चुनौतियां बनी हुई हैं, इसके बावजूद हमारे कारोबार के मूल तत्व मजबूत बने हुए हैं।”
कंपनी ने कहा कि उसने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान कुल 1,86,408 यात्री वाहन बेचे, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 1,90,979 वाहनों की तुलना में दो प्रतिशत कम है।
चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,46,022 गाड़ियां बेचीं। इसमें एसयूवी खंड का मजबूत योगदान रहा। कंपनी ने 40,386 गाड़ियों का निर्यात भी किया।
वाहन विनिर्माता ने कहा कि उसने ग्रामीण पहुंच में मजबूत वृद्धि प्रदर्शित की है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 19.7 प्रतिशत की तुलना में 21.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
हुंदै मोटर इंडिया ने कहा कि वह अपनी वृद्धि गति के प्रति आश्वस्त है तथा अपने हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन को प्रतिबद्ध है।
हुंदै का मानना है कि नई क्रेटा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) खंड में अभूतपूर्व सफलता हासिल करेगी और मजबूत गति बनाएगी।
कंपनी भारत में स्थानीयकरण, चार्जिंग बुनियादी ढांचा आदि जैसे मजबूत ईवी माहौल का निर्माण भी कर रही है। नियत समय में तीन और ईवी की योजना के साथ, कंपनी को भारत की ईवी वृद्धि की गाथा में महत्वपूर्ण योगदान देने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY