देश की खबरें | पश्चिमी दिल्ली में पति-पत्नी, घरेलू सहायिका मृत मिले, दो लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर इलाके में पति-पत्नी और उनकी घरेलू सहायिका संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, एक नवंबर पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर इलाके में पति-पत्नी और उनकी घरेलू सहायिका संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान समीर आहूजा (38), उनकी पत्नी शालू (35) और घरेलू सहायिका सपना (33) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) घनश्याम बंसल ने कहा कि घटना के सिलसिले में नजफगढ़ निवासी सचिन (19) और उत्तर नगर निवासी सुजीत (21) को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि अशोक नगर क्षेत्र में चोरी की घटना की सूचना हरि नगर थाने में सुबह करीब सवा नौ बजे मिली। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घर के भूतल पर शालू द्वारा चलाए जा रहे सैलून में महिलाओं की गला काटकर हत्या की गई, जबकि पहली मंजिल पर समीर का शव मिला जिसके चेहरे और सिर पर कई चोटों के निशान पाए गए।
अधिकारी ने कहा कि दंपति की नाबालिग बेटी जीवित थी और हॉल में पहली मंजिल पर सो रही थी। पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल पर एक पैन बरामद किया। आशंका है कि आरोपियों ने समीर पर हमला के लिए इसी पैन का इस्तेमाल किया। पुलिस ने बताया कि शालू का आईफोन-13, अपराध में इस्तेमाल हथियार और खून से सना तौलिया आरोपियों के पास से बरामद हुआ है।
सपना सुबह करीब आठ बजे घर आई थी और समीर का ड्राइवर वहां नौ बजे पहुंचा था जिसने घटना की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि सुबह करीब आठ बजे बदमाश दो बाइक पर आए थे। सुबह नौ बजे उन्हें जल्दबाजी में वहां से भागते हुए देखा गया था।
डीसीपी ने कहा कि मुख्या साजिशकर्ता फरार है और पता चला है कि साजिशकर्ता और उसकी प्रेमिका शालू के सैलून में काम करते थे। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन पहले उन्हें उनके गैर पेशेवर रवैये के कारण निकाल दिया गया था और समीर ने उन्हें डांटा भी था।
पुलिस के अनुसार शालू को जब उनके रिश्ते का पता चला तो उसने दोनों को काम से निकाल दिया था। डीसीपी ने कहा कि दोनों घटना से बहुत अपमानित महसूस कर रहे थे इसलिए उन्होंने बदला लेने के इरादे से यह साजिश रची और इसे अंजाम देने के लिए सुजीत तथा सचिन से चर्चा की।
बंसल ने कहा कि मुख्य आरोपी ने अन्य तीन साजिशकर्ताओं को भी घटना में शामिल कर लिया। डीसीपी ने बताया कि ये सभी पूरी तैयारी के साथ आए थे और घटना को अंजाम दिया। चूंकि घटनास्थल पर घरेलू सहायिका भी मौजूद थी इसलिए उन्होंने उसे भी मार डाला। उन्होंने बताया कि वे मकान से डीवीआर, एक लैपटॉप, नकदी और अन्य सामान चुरा ले गए।
उन्होंने बताया कि जांच में यह खुलासा हुआ कि मुख्य साजिशकर्ता ने सपना के आने से पहले करीब 10 मिनट तक घर का मुआयना किया था।
उन्होंने बताया कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं जिनकी पहचान कर ली गई है। मामले में आगे जांच की जा रही है।
सपना के रिश्तेदार मुकेश, जो मजदूरी का काम करता है, ने कहा कि उसकी पत्नी, सपना और कुछ परिचित अन्य महिलाएं अशोक नगर इलाके में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। उसे घटना के बारे में तब पता चला जब कुछ महिलाओं ने उस मकान में हुई हत्याओं के बारे में बताया जहां सपना काम करती थी।
सपना के परिवार में उसका पति संजीव, जो एक गैरेज में काम करता है और चार साल की बेटी है। एक अन्य रिश्तेदार जीव राम ने बताया कि वे पिछले 10 से 12 साल से दिल्ली में रह रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)