देश की खबरें | किसानों की ट्रैक्टर परेड में सैकड़ों महिला चलाएंगी ट्रैक्टर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नए कृषि कानूनों के विरोध में अपनी शक्ति दिखाने के क्रम में 26 जनवरी के दिन दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड में सैकड़ों महिलाओं के भी ट्रैक्टर चलाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की उम्मीद है।

नयी दिल्ली, 25 जनवरी नए कृषि कानूनों के विरोध में अपनी शक्ति दिखाने के क्रम में 26 जनवरी के दिन दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड में सैकड़ों महिलाओं के भी ट्रैक्टर चलाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की उम्मीद है।

सामाजिक कार्यकर्ता जेबा खान ने कहा कि महिलाएं, पुरुष किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ट्रैक्टर परेड में शामिल होंगी।

ट्रैक्टर परेड में शामिल होने जा रहीं खान ने दावा किया कि मंगलवार को होने जा रही इस परेड में कम से कम 500 महिलाएं शामिल होंगी।

खान ने कहा, ‘‘भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं का अमूल्य योगदान था। मंगलवार को भी आंदोलन में अपना योगदान देने के लिए हम मौजूद होंगे।’’

झारखंड के किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली कार्यकर्ता ने कहा कि रैली उनके आंदोलन में एक महत्वपूर्ण क्षण है जो ‘‘स्वतंत्रता संग्राम से कम नहीं है।’’

नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों ने कहा कि उनकी ट्रैक्टर परेड मध्य दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगी और यह गणतंत्र दिवस की परेड के समाप्त होने के बाद ही शुरू होगी।

किसान संगठनों ने दावा किया है कि उनकी ट्रैक्टर परेड में लगभग दो लाख ट्रैक्टर होंगे।

ऐसी खबरें हैं कि हरियाणा के जींद जिले में अनेक ग्रामीण महिलाएं पिछले एक महीने से ट्रैक्टर चलाने का प्रशिक्षण ले रही हैं, ताकि वे किसानों की परेड में शामिल हो सकें।

जय किसान आंदोलन (स्वराज अभियान) के एक प्रवक्ता ने कहा कि किसानों की ट्रैक्टर परेड कल पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे शुरू होगी और यह 10-12 घंटे तक चल सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\