विदेश की खबरें | दक्षिण कोरिया में अस्थाई आवासों में लगी भीषण आग, सैकड़ों लोग हुए विस्थापित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. सियोल, 20 जनवरी (एपी) दक्षिण कोरिया की राजधानी के पास शुक्रवार सुबह घनी आबादी वाले अस्थाई आवासों में भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम 60 मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। करीब 500 स्थानीय लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सियोल, 20 जनवरी (एपी) दक्षिण कोरिया की राजधानी के पास शुक्रवार सुबह घनी आबादी वाले अस्थाई आवासों में भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम 60 मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। करीब 500 स्थानीय लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सियोल के गुरयोंग गांव में लगी आग पर काबू पाया। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

सियोल के गंगनम जिले के दमकल विभाग के अधिकारी शिन योंग-हो ने बताया कि बचावकर्मी आग से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि माना जा रहा है कि सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

आग सुबह करीब साढ़े छह बजे लगी थी। आग पर काबू पाने के लिए और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए 800 से अधिक दमकलकर्मियों, पुलिस अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को तैनात किया गया।

घटनास्थल की तस्वीरों में दमकलकर्मी घने सफेद धुएं से ढके गांव में आग की लपटों को बुझाने की कोशिश करते और हेलीकॉप्टर के जरिए ऊपर से पानी का छिड़काव करते दिख रहे हैं।

शिन योंग-हो ने बताया कि ऐसा अनुमान है कि गांव में ‘प्लास्टिक शीट’ और लकड़ी (प्लाईवुड) से बने एक घर में आग लग गई थी, जो बाद में बाकी मकानों में फैल गई।

उन्होंने बताया कि आग लगने की उचित वजह का पता लगाया जा रहा है।

गंगनम जिला कार्यालय के अधिकारी किम अह-रेम ने बताया कि करीब 500 लोगों को नजदीक स्थित जिम और एक स्कूल में ठहराया गया है। अधिकारियों की योजना जिन लोगों के मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं, उन्हें बाद में होटलों में ठहराने की है।

गांव के 66 वर्षीय निवासी किम सुंग-हान ने बताया कि चंद्र नव वर्ष (लूनर न्यू ईयर) की छुट्टियों पर यह कैसे हो सकता है? वह देश के सबसे बड़े वार्षिक छुट्टियों का उल्लेख कर रहे थे। यह सप्ताहांत से शुरू होती है और मंगलवार तक जारी रहती है।

किम ने कहा, ‘‘मुझे केवल इन कपड़ों में घर से बाहर भागना पड़ा, मैं कुछ ला भी नहीं सका...मैं काम पर नहीं जा सका...वह भी तक जबकि यहां जीना पहले से ही इतना मुश्किल है।’’

गांव के समुदायिक नेताओं में से एक ली वून-चेल ने कहा कि स्थानीय लोगों ने तुरंत ही आग लगने की सूचना दे दी थी। दमकलकर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों की तलाश की और उन्हें निकालने में मदद की।

ली ने न्यूज़ चैनल ‘वाईटीएन’ से कहा, ‘‘यहां शॉर्ट सर्किट की वजह से कई हादसे होते हैं।’’

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल के प्रवक्ता किम उन-हे ने बताया कि राष्ट्रपति ने अधिकारियों से घटना से जानमाल के नुकसान को कम से कम करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा है।

राष्ट्रपति योल दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठकों के लिए अभी स्विट्जरलैंड की यात्रा पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\