देश की खबरें | आगरा में मकान ढहा, चार लोग घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगरा में लगातार हो रही बारिश की वजह से बृहस्पतिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के कश्मीरी बाजार इलाके में एक मकान ढह गया। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी।
आगरा(उप्र), 12 सितंबर आगरा में लगातार हो रही बारिश की वजह से बृहस्पतिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के कश्मीरी बाजार इलाके में एक मकान ढह गया। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी।
कोतवाली थाना के निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मकान के मलबे में चार लोग दब गये थे जिन्हें समय रहते स्थानीय लोग की मदद से बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि चारों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा में मंगलवार रात से बारिश हो रही है जिसकी वजह से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर सिकंदरा और रुनकता के बीच सड़क पर पानी भरने से वाहन फंस गए और जाम लग गया।
अधिकारियों ने बताया कि पीपल मंडी, फतेहपुर सीकरी, खंदारी, फतेहाबाद, बाह सहित कई इलाके से भी मकान ढहने की खबरें आई हैं लेकिन अबतक किसी के हताहत की जानकारी नहीं है।
इस बीच आगरा जिला प्रशासन ने बारिश की वजह से 13 सितंबर को 12वीं तक के विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम आठ बजे समाप्त हुए 36 घंटे के दौरान करीब 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के मुताबिक आगरा में सितंबर महीने में सबसे अधिक 1939 में बारिश दर्ज की गई थी तब 609 मिमी बारिश हुई थी। आंकड़ों के अनुसार 1939 के बाद इस साल सितंबर में अबतक सबसे अधिक करीब 400 मिमी बारिश हुई है। आगरा में सितंबर महीने में औसतन 110 एमएम बारिश होती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)